उत्तर प्रदेशराज्य

योगी मंत्रिमंडल का अयोध्या दर्शन हुआ स्थगित

स्वतंत्रदेश,लखनऊभाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कैबिनेट का रामदर्शन कार्यक्रम स्थगित हो गया है। अब पांच फरवरी के बाद नए सिरे से इनके अयोध्या आगमन की तिथि का निर्धारण किया जाएगा। ऐसा रामलला के दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के निरंतर यहां पहुंचने को लेकर किया गया है।

पूर्व निर्धारित संभावित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को त्रिपुरा के सीएम डॉ. माणिक साहा और उनकी कैबिनेट को रामलला के दर्शन के लिए आना था। अब वह नहीं आएंगे। इसी तरह पिछले दिनों खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में घोषणा की थी कि वह एक फरवरी को अपनी कैबिनेट के साथ राममंदिर में दर्शन करेंगे। सीएम योगी की घोषणा के अनुरूप प्रदेश के कई मंत्रियों के अयोध्या आगमन का प्रोटोकाल भी आ गया था। फिलहाल दर्शन का कार्यक्रम टलने के बाद मंत्रियों का आगमन भी स्थगित किया जा रहा है।

डीएम नितीश कुमार ने बताया कि विभिन्न प्रांतों और जिलों से रामभक्तों का स्पेशल ट्रेनों व अन्य यातायात माध्यमों से आना शुरू हो गया है। उधर प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही रोजाना बड़ी संख्या में आम श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बाहरी जिलों से अयोध्या में बड़े वाहनों के आने पर लगी रोक भी हटा ली गई है। ऐसे में यहां आने वाले दिनों में दर्शनार्थियों की संख्या में निरंतर इजाफा होगा। इसीलिए वीवीआईपी के आगमन को आगे बढ़ाया गया है जिससे आम श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न होने पाए।अगले एक सप्ताह तक यहां पहुंचने वाली भीड़ का आकलन कर उनके सुगम दर्शन की व्यवस्था को परखा जाएगा। इसी के आधार पर वीवीआईपी आगमन की तिथि तय होगी। महापौर गिरीश पति त्रिपाठी व अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्त ने बताया कि पांच फरवरी के बाद विभिन्न राज्यों के सीएम और कैबिनेट के आने का कार्यक्रम फिर से फाइनल किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button