राज्यसभा सदस्य ने की मुख्यमंत्री योगी से भेंट
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ कई मोर्चे खुल गए हैं। चाचा शिवपाल सिंह यादव के बाद सपा के संस्थापक सदस्यों में से एक आजम खां के बाद अब समाजवादी पार्टी से राज्यसभा सदस्य सुखराम सिंह यादव काफी आहत हैं। शिवपाल सिंह यादव के करीबी माने जाने वाले सुखराम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान पीएम नरेन्द्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ तारीफ करके अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

सुखराम सिंह यादव का राज्यसभा सदस्य का कार्यकाल चार जुलाई को समाप्त होने वाला है। इससे पहले ही वह पाला बदलने के प्रयास में हैं। उन्होंने आज सीएम योगी आदित्यनाथ से अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भेंट की। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में बहुत से लोग पार्टी छोडऩे के लिए समय का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश यादव को संदेश भी दे दिया कि आपकी यह कार्यशैली रही तो लोग फैसला लेंगे। राज्यसभा सदस्य और 2004 से 2010 तक विधान परिषद के सभापति रहे सुखराम सिंह यादव ने परिवार के अन्य लोगो के साथ उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। उन्होंने अपने पिता चौधरी हरमोहन सिंह पर लिखी किताब सीएम योगी को भेंट की थी।