उत्तर प्रदेशराज्य

न माफ करेंगे, न भूलेंगे-जेलेंस्की

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:रूस-यूक्रेन में चल रही जंग का आज 12वां दिन है। यूक्रेन पर रूसी सेना के ताबड़तोड़ हमले जारी हैं। इससे यूक्रेन के कई शहर तबाह हो चुके हैं। UN ने दावा किया है कि अब तक 15 लाख लोग यूक्रेन छोड़ कर दूसरे देशों में शरण ले चुके हैं। इस युद्ध में जवानों, महिलाओं और बच्चों सहित कई लोगों की जान गई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने युद्ध के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने की कसम खाई है।जेलेंस्की ने एक संबोधन में कहा- ‘यह हत्या है, जानबूझकर की गई हत्या, क्योंकि रूस ने सोमवार को और भी ज्यादा गोलाबारी करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि हम इसे कभी नहीं भूलेंगे और न ही इसमें शामिल लोगों को माफ करेंगे। हम अपनी जमीन पर अत्याचार करने वाले सभी लोगों को सजा देंगे। कब्र के अलावा इस धरती पर कोई शांत जगह नहीं होगी।’

रूस ने यूक्रेन के शहरों को खंडहरों में बदल कर दिया है। ये तस्वीर खारकीव शहर की है।

नागरिकों पर जानबूझकर किए जा रहे हमले
उन्होंने कहा कि रूसी सेना ने यूक्रेन के शहरों को तबाह कर दिया। सीजफायर के दौरान भी बमबारी नहीं रुकी। इस कारण मारियुपोल में फंसे लोग निकल नहीं पाए। इधर, रूस ने पूरे यूक्रेन में आज दूसरी बार सीजफायर का ऐलान किया है। इस दौरान युद्ध में फंसे लोगों को निकालने के लिए ह्यूमन कॉरिडोर बनाया जाएगा। वहीं, अमेरिका का कहना है कि यूक्रेन में नागरिकों पर जानबूझकर हमले किए जा रहे हैं।

दोनों देश में आज तीसरे दौर की बैठक
यूक्रेन और रूस के बीच आज तीसरे दौर की बैठक होगी। इससे पहले रूस और यूक्रेन के बीच दो दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई नतीजा नहीं निकल सका है। इस युद्ध में न तो पुतिन पीछे हट रहे हैं और न ही यूक्रेन के राष्ट्रपति हार मानने को तैयार हैं।

अमेरिका लगा सकता और सख्त पाबंदियां
यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद कई देश रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सख्त खिलाफ हो गए हैं। रूस पर कई तरह की पाबंदियां भी लगाई गई हैं। अब अमेरिका का कहना है कि अब यूरोप के साथ रूसी तेल आयात पर प्रतिबंध पर लगाने पर चर्चा की जा रही है।

तीसरे विश्व युद्ध की आशंका
उधर, नाटो ने यूक्रेन के नो-फ्लाई जोन के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। अमेरिकी सांसद मार्को रुबियो ने बताया कि यूक्रेन के प्रस्ताव को मानने से तीसरा विश्व युद्ध हो सकता है, क्योंकि पुतिन ने नो-फ्लाई जोन लागू होने पर न केवल यूरोप, बल्कि पूरी दुनिया के लिए भारी और विनाशकारी परिणाम की धमकी दी है।

Related Articles

Back to top button