उत्तर प्रदेशराज्य

कल्‍याण सिंह की सेहत में हो रहा सुधार

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के स्‍वास्‍थ्‍य में निरंतर सुधार हो रहा है और उनकी सेहत पहले से काफी बेहतर है। लखनऊ के संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) से जारी मेडिकल बुलेटिन में जानकारी दी गई कि वह अब बातचीत भी कर रहे हैं। पीजीआइ के निदेशक प्रो आरके धीमान उनके इलाज की निगरानी कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के स्‍वास्‍थ्‍य में निरंतर सुधार हो रहा है और उनकी सेहत पहले से काफी बेहतर है।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह का संजय गांधी पीजीआइ के क्रिटिकल केयर मेडिसिन के गहन चिकित्सा कक्ष (आइसीयू) में विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में उपचार चल रहा है। पीजीआइ ने बुधवार को मेडिकल बुलेटिन जारी कर बताया कि कल्‍याण सिंह की स्थिति पहले से काफी बेहतर है और उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा हैं। वह बातचीत भी कर रहे हैं। हृदयरोग विशेषज्ञ, तंत्रिका रोग, मधुमेह रोग और गुर्दा रोग विशेषज्ञ समेत वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनके उपचार में जुटी है। विशेषज्ञ महत्वपूर्ण मापदंडों और उनकी दैनिक जांच पर नजर रख रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को तीन जुलाई के देर रात लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने के बाद चार जुलाई की शाम संजय गांधी पीजीआइ में शिफ्ट किया गया। उनको पीजीआइ के सीसीएम (क्रिटिकल केयर मेडिसिन) डिपार्टमेंट के आइसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) में भर्ती किया गया है। कल्याण सिंह का हालचाल लेने के लिए लगातार पार्टी के वरिष्ठ नेता पहुंच रहे हैं। दो बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जा चुके हैं और उनके इलाज की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button