उत्तर प्रदेशराज्य

मौत बांटने वाला गांव अब दूर कर रहा अंधियारा

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारी शुरू हो चुकी है। इस बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाराबंकी जिले में बने दिये को अपने हाथों से प्रज्जवलित करेंगे। यह दिये उस गांव में बन रहे हैं, जहां कुछ दिन पहले तक अवैध शराब बनती थी। लेकिन पुलिस व जिला प्रशासन के मोटीवेशन व सहयोग से लोगों ने अवैध धंधा छोड़कर एक सम्मानजनक जीवन जीना शुरू कर दिया है। शनिवार को अपर मुख्य सचिव गृह ने भी इस गांव पहुंचकर लोगों का उत्साह बढ़ाया। अवस्थी ने जिलाधिकारी से कहा है कि वह जितनी मात्रा में दिये दे सकते हैं, वह मुहैया कराएं। इन दियों को दीपोत्सव में मुख्यमंत्री खुद अपने हाथों से प्रज्जवलित करेंगे।

यह फोटो बाराबंकी है। यहां राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गठित समूह की महिलाएं दीपोत्सव के लिए दिये तैयार कर रही हैं।

शराब बनाने के लिए कुख्यात था चैनपुरवा गांव

दरअसल, थाना मोहम्मदपुर खाला का गांव चैनपुरवा, कभी अवैध शराब बनाने के लिए कुख्यात था और पुलिस के डर के साए में ग्रामीणों का जीवन व्यतीत होता था। यह अवैध शराब कभी-कभी लोगों की जान भी ले लेती थी और उनके परिवार के भविष्य में अंधेरे के सिवाय कुछ नहीं बचता था। इसी लिए इस गांव के लोगों को मौत बांटने वाला कहा जाता था। मगर बाराबंकी पुलिस की एक अनोखी पहल ने इनका जीवन ही बदल कर रख दिया और यह जो लोगों के भविष्य में अंधेरा करते थे, वह आज घरों को अपने इको फ्रेंडली दियों से रौशन करने का काम कर रहे हैं। इन्हें इस काम के लिए प्रेरित किया है बाराबंकी पुलिस ने। अब यह सम्मान के साथ अपना जीवन यापन कर रहे हैं। इस काम में सबसे पहले महिलाएं आगे आईं, जो समूह बना कर दिये बनाने का बीड़ा उठाया है। दीपावली में इनके पास पूरे जिले से बड़े आर्डर मिल रहे हैं। इनके उत्साहवर्धन के लिए पुलिस इन्हें आर्डर भी दिलवा रही है और हर सम्भव मदद भी कर रही है।

पुलिस ने शहद उत्पादन की ट्रेनिंग कराई, अब दिये बना रहीं

महिलाओं ने बताया कि उनका यह चैनपुरवा गांव तराई क्षेत्र में है। यहां पास की बहती घाघरा (सरयू) नदी से उनके घर के पुरुष मछलियां पकड़ कर लाते थे और अवैध शराब का निर्माण कर उसका सेवन और बिक्री दोनों करते थे। इस काम में हमेशा पुलिस का डर बना रहता था। इस काम से बचाने के लिए उनका आर्थिक शोषण भी होता था और जिले कहीं अवैध शराब से किसी के मरने की घटनाएं हो गयी तो पुलिस के डर से उन्हें गांव भी छोड़ना पड़ जाता था। उनके घर के पुरुष अक्सर जेल में ही रहकर घुटते रहते थे। क्योंकि उनके पास जमानत कराने की भी व्यवस्था नही होती थी।

जिलाधिकारी ने कहा- यह एसपी की अच्छी सोच का परिणाम

जिलाधिकारी डॉक्टर आदर्श सिंह ने बताया कि हमारा जनपद अवैध शराब के धन्धे से काफी बदनाम हो चुका था और पिछले दिनों यहां बड़ी दुखद घटनाएं भी हो चुकी थी। पुलिस अधीक्षक ने यहां एक नयी सोच डेवलप की और जो गांव चैनपुरवा अवैध शराब के धंधे में लिप्त था, वहां जाकर लोगों से बात की कि वह क्यों ऐसा काम करते है और कौन सा ऐसा काम है जो वह करके इस अवैध काम को छोड़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button