राजनीति

मजबूत हुई भाजपा, सबसे नीचे पहुंची कांग्रेस

स्वतंत्रदेश ,लखनऊ। नौ सीटों पर जीत के साथ राज्यसभा में भाजपा और मजबूत हो गई है। उच्च सदन में पार्टी की सदस्य संख्या 92 पर पहुंच गई है। इसी के साथ भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के खाते में कुल 104 सीटें हो गई हैं। दूसरी ओर, देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस उच्च सदन में अपने अब तक के सबसे निचले स्तर पर है। दो और सीटें गंवाकर कांग्रेस की सदस्य संख्या 38 रह गई है।

राज्यसभा में भाजपा नौ सीटों पर जीत के साथ और मजबूत हो गई है।

सभी प्रत्याशी निर्विरोध

242 सदस्यीय उच्च सदन में उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की एक सीट के लिए चुनाव हुआ है। सोमवार को नाम वापस लेने की अंतिम तारीख बीतने के बाद सभी प्रत्याशियों के निर्विरोध चुने जाने का एलान किया गया। इनमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी समेत भाजपा के नौ प्रत्याशी चुने गए हैं। इनमें तीन सीटें पहले से भाजपा के खाते में थीं और छह नई सीटें पार्टी की झोली में आई हैं। इन छह में से दो सीटें कांग्रेस और तीन समाजवादी पार्टी के खाते में थीं। बहुजन समाज पार्टी ने भी एक सीट गंवाई है।

सीटों का गणित

– 242 है उच्च सदन में सीटों की संख्या

– 92 की सदस्य संख्या पर पहुंची भाजपा

– 104 हो गई है राजग की सदस्य संख्या

– 38 के सबसे निचले स्तर पर आई कांग्रेस

राजग की ताकत बढ़ी

नई परिस्थिति में भाजपा के लिए राज्यसभा में महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराना थोड़ा और आसान हो गया है। 242 सदस्यीय उच्च सदन में राजग के सदस्यों की संख्या 104 हो गई है। उसे चार नामित सदस्यों का भी समर्थन आसानी से मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button