हाईवे अभी पूरा नहीं, टोल टैक्स वसूलने की तैयारी शुरु
स्वतंत्रदेश ,लखनऊ:गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन हाईवे निर्माण अभी पूरा नहीं हो पाया है। जगह-जगह सड़क का काम चल रहा है। सर्विस लेन से लेकर कई जगहों पर सड़क का काम कराया जा रहा है। फोरलेन के पूरी तरह से बन जानेे के पहले बेलीपार में टोल प्लाजा बना दिया गया है।टोल प्लाजा पर जल्द ही टैक्स वसूलने की तैयारी चल रही है। इससे स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है सड़क का काम पूरा कराए बिना ही एनएचएआई की ओर से टोल वसूलना गलत होगा। पहले हाईवे का काम पूरा कराया जाए तब टोल टैक्स वसूला जाए।

गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन का शिलान्यास 16 अक्तूबर 2016 को हुआ था। तब इसका काम वर्ष 2019 तक पूरा कराए जाने का लक्ष्य रखा गया। कार्यदायी संस्था की लापरवाही के कारण काम अधूरा है। जगह-जगह सड़क के निर्माण के लिए एक लेन बंद है। अंडरपास के किनारे सर्विसलेन नहीं बन सकी है। सरयू नदी पर 1250 मीटर लंबे पुल का निर्माण चल रहा है।बेलीपार में बने टोल प्लाजा के उपकरण लगा दिए गए हैंं। लाइट और बैरियर सहित अन्य काम हो गए हैं। केबिन की रंगाई-पुताई चल रही है। इसका काम जल्द पूरा करा लिया जाएगा। टोल का तेजी से काम होने के कारण स्थानीय लोग मान रहे हैं कि जल्द ही इससे वसूली शुरू हो जाएगी। विभाग से जुड़े लोगों का कहना है कि एक माह बाद यहां से गुजरने वालों को टोल टैक्स चुकाना होगा। हालांकि, सड़क का काम पूरी तरह से खत्म होने में यह साल गुजर जाएगा।