उत्तर प्रदेशराज्य

आज रात से बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर देना होगा टोल

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर 26 जुलाई यानी आज से टोल टैक्स लगना शुरू हो गया है। अभी तक यहां पर लोग फ्री में सफर कर रहे थे। 296 किमी के सफर में 300 से 3900 रुपए तक खर्च करने पड़ेंगे। यह एक्सप्रेस-वे बुंदेलखंड के 7 जिलों चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, औरेया, इटावा से होकर गुजरता है। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से जाकर मिलता है।

सालभर फ्री सफर करते रहे यात्री
296 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन पीएम मोदी ने 16 जुलाई 2022 को किया था। ऐसे में करीब एक साल 10 दिन बाद इस पर टोल लगाया जा रहा है। इसमें पांच अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए टोल टैक्स की दरें तय की गई हैं। इस एक्सप्रेसवे पर 6 टोल प्लाजा बनाए गए हैं। इसकी वजह से बुंदेलखंड से दिल्ली की दूरी महज 7-8 घंटे की रह गई है।

कार चालक को 600 रुपए देना होगा टोल
इंद्रदीप कंस्ट्रक्शन कंपनी यहां टोल वसूलेगी। बताया जा रहा है कि कंपनी को सबसे ज्यादा 68.38 करोड़ रुपए का ऑफर था। 296 किमी के सफर में भारी मशीनों को करीब 3000 और सात एक्सेल से ज्यादा बड़े वाहनों को 3900 रुपए का टोल देना पड़ेगा। इसके अलावा यात्री बसों को 950 और कार को 600 रुपए का टोल देना होगा। कंपनी हर साल 10% टोल टैक्स में बढ़ोतरी करेगी। एक्सप्रेस-वे पर 6 टोल प्लाजा और 7 रैंप प्लाजा तैयार हो गए हैं।

यूपी में आगरा और पूर्वांचल के बाद यह तीसरा बड़ा एक्सप्रेस-वे है। इसके बाद अभी गंगा एक्सप्रेस-वे पर काम चल रहा है। बताया जा रहा है कि साल 2024 लोकसभा चुनाव से पहले उसको भी तैयार कर दिया जाएगा।

चित्रकूट से दिल्ली का सफर 6 से 7 घंटे में
पहले चित्रकूट से कानपुर और फिर इटावा, आगरा के रास्ते दिल्ली जाना पड़ता था। इस सफर में 12 से 14 घंटे तक का वक्त लगता था। सफर की दूरी करीब 700 किलोमीटर थी। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे बनने के बाद अब ये दूरी सिर्फ 626 किलोमीटर रह गई है। यानी, अब यह सफर 6 से 7 घंटे में पूरा हो रहा है। एक्सप्रेस-वे की चौड़ाई 110 मीटर है। पैदल चलने वाले राहगीरों और पशुओं के लिए जगह-जगह अंडरपास बनाए गए हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे चित्रकूट के भरतकूप से शुरू होकर इटावा होते हुए आगरा में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कुदरैल के पास मिला है।

Related Articles

Back to top button