उत्तर प्रदेशराज्य

परिवहन निगम में जल्द होंगी भर्तियां, सरकार ने की तैयारी

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:सरकार उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कर्मचारियों की कमियों को जल्द पूरा करेगी। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक तथा सहायक विधि अधिकारी की कमी को पूरा करने के लिए परिवहन निगम जल्द ही 50 सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एवं 06 सहायक विधि अधिकारी की भर्ती करेगा। इसकी स्वीकृति हो चुकी है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं सहायक विधि अधिकारी की भर्ती संविदा के आधार पर की जाएगी। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि इसके अतिरिक्त परिवहन निगम के 06 रीजन में 1649 संविदा परिचालक की भर्ती करेगा। उन्होंने बताया कि भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम लखनऊ रीजन में 288, अलीगढ़ रीजन में 239, गाजियाबाद में 147, मुरादाबाद में 557, बरेली में 256 तथा नोएडा में 126 परिचालकों की भर्ती करेगा। इससे परिचालकों की कमी दूर होगी तथा संचालन में भी सहूलियत होगी।

परिवहन निगम इसके साथ ही समूह ग एवं समूह घ के अन्तर्गत स्वीकृत 547 कर्मियों की भर्ती भी करने जा रहा है, जिसकी स्वीकृति हो चुकी है। परिवहन मंत्री के मुताबिक ये भर्ती उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन के माध्यम से किया जायेगा। यह भर्ती दो चरणों में की जायेगी। प्रथम चरण में 383 पदों पर भर्ती की जायेगी। इसमें केन्द्र प्रभारी के 93, मैकेनिक के 240, इलेक्ट्रिशियन के 25 एवं सहायक स्टोर कीपर के 25 पद स्वीकृत हैं। जबकि द्वितीय चरण में 164 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें मैकेनिक के 30, इलेक्ट्रिशियन के 31 एवं असिस्टेंट स्टोर कीपर के 103 पद स्वीकृत हैं।

Related Articles

Back to top button