रालोद को मिली संजीवनी
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन कर राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) को संजीवनी मिल गई है। गठबंधन में रालोद को 33 सीटें मिली थीं, इनमें से आठ पर सफलता प्राप्त कर ली है। उसे इस बार करीब तीन प्रतिशत वोट मिला है। वर्ष 2017 में 1.78 प्रतिशत मत से संतोष करना पड़ा था।

चुनाव में इस बार रालोद व सपा गठबंधन ने गन्ना मंत्री सुरेश राणा को शामली के थाना भवन विधान सभा सीट से हरा दिया। यहां पर रालोद के अशरफ अली चुनाव जीते हैं। शामली से प्रसन्न चौधरी भी चुनाव जीत गए हैं। मुजफ्फरनगर की तीन सीटें बुढ़ाना से राजपाल बालियान, पुरकाजी से अनिल कुमार व मीरापुर से चन्दन चौहान जीत गए हैं। बागपत की छपरौली से अजय कुमार, हाथरस की सादाबाद से प्रदीप कुमार गुड्डू व मेरठ की सिवाल खास से गुलाम मोहम्मद ने विजय दर्ज की है।
सपा के साथ गठबंधन कर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने भी अपनी सियासी ताकत बढ़ा ली है। पिछला चुनाव भाजपा के साथ मिलकर लड़ने वाली सुभासपा ने आठ प्रत्याशी खड़े किए थे और उसके खाते में चार सीटें आईं थीं। इस बार सपा के साथ गठबंधन में सुभासपा को 17 सीटें मिलीं और उसने छह सीटें जीत ली हैं। सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर चुनाव जीत गए हैं। मऊ से मुख्तार अंसारी का बेटा अब्बास अंसारी भी जीत गए हैं।