उत्तर प्रदेशराज्य

कमिश्नर का पद छोड़कर चुनाव मैदान में उतरे आईपीएस

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:कानपुर के पूर्व पुलिस कमिश्नर असीम अरुण करोड़पति प्रत्याशी हैं। एक पैतृक आवास समेत कुल 3 मकान हैं। गोमतीनगर के एचडीएफसी बैंक में असीम के खाते में 10.86 लाख रुपए हैं। वो करीब 45.66 लाख की चल संपत्ति के मालिक हैं। आप सोच रहे होंगे, हम आपको कन्नौज सीट से भाजपा प्रत्याशी की संपत्तियों का ब्योरा क्यों दे रहे हैं। इसकी जरूरत इसलिए पड़ी हैं, क्योंकि असीम अब जनता के सामने खुलकर वोट के साथ नोट भी मांग रहे हैं। उन्हें चुनावी चंदा चाहिए, ताकि वो प्रचार कर सके।

कमिश्नर का पद छोड़कर चुनाव मैदान में उतरे आईपीएस असीम अरुण मांग रहे चुनावी चंदा

राजनीति के जानकार मानते हैं कि ये चुनावी पैतरा दरअसल जनता के बीच ईमानदार छवि को बनाने में मददगार होता हैं। सपा के गढ़ कन्नौज में उन्हें ऐसी ही छवि की आवश्यकता भी है। असीम अरुण ने हाल ही में अपने पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्त होकर राजनीतिक सफर की शुरुआत की है। वह भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ रहे हैं। असीम ने कहा है, ‘चुनाव लड़ने के लिए धन की जरूरत है, लेकिन इसके लिए वह अपने विचारों से समझौता नहीं कर सकते हैं।

इसलिए वो सीधे जनता से रुपए मांग रहे हैं। चुनावी चंदा का उपयोग प्रचार में किया जाएगा। हाल में उन्होंने एक सार्वजनिक मंच से कहा, ‘मैं अपने जीवन को एक ऐसा प्रयोग मानता हूं, जिसमें अब मैं यह परख रहा हूं कि क्या ईमानदारी का रास्ता छोड़े बिना राजनीति में शामिल होना संभव है?’

कन्नौज में सपा लगा चुकी है जीत की हैट्रिक
बता दें, कन्नौज सीट पर समाजवादी पार्टी जीत की हैट्रिक लगा चुकी है। पिछले तीन चुनाव लगातार जीत चुके सपा के अनिल दोहरे इस बार भी मैदान में हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी ने असीम अरुण को उनके मुकाबले में उतारा है। इस सीट पर तीसरे चरण के चुनाव के दौरान 20 फरवरी को मतदान होना है।

Related Articles

Back to top button