उत्तर प्रदेशराज्य

एक और वृद्ध की मेरठ के अस्‍पताल में मौत

स्वतंत्रदेश,लखनऊ : थाना सिकंदराबाद के जीतगढ़ी गांव में गुरुवार रात हुए शराब कांड मामले में एक और वृद्ध की शनिवार की सुबह मेरठ के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। इस प्रकार जहरीली शराब से कुल मरने वालों की संख्‍या अब छह हो गई है। अभी कई और लोगों की हालत खराब बताई जा रही है। लगातार मौतों से प्रशासन में हड़कंप है।

                       बुलंदशहर में हुए जहरीली शराब कांड में अभी मौतों का सिलसिला जारी है।

शुक्रवार सुबह पांच लोगों की मौत हो गई थी। 19 लोगों को गंभीर हालत में बुलंदशहर, दिल्ली के सरकारी व निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इसमें नौ की हालत नाजुक है। मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम, आइजी प्रवीण कुमार, डीएम रविंद्र कुमार व एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने गांव पहुंचकर मृतक व बीमार लोगों के स्वजन से जानकारी ली थी, गांव में ही तैयार की गई शराब तीन लोगों ने बेची थी। घटना के लिए तीन लोगों को नामजद किया गया है।

गुरुवार शाम जीतगढ़ी गांव निवासी 35 वर्षीय सतीश, 40 वर्षीय कलुआ, 45 वर्षीय सरजीत, 60 वर्षीय सुखपाल और 55 वर्षीय पन्ना लाल समेत 24 लोगों ने गांव में एक युवक से शराब खरीदी थी। शराब पीने के बाद सभी अपने घर जाकर सो गए थे। आधी रात इन सभी की हालत बिगडऩे लगी। स्वजन तत्काल उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां सतीश, कलुआ, रंजीत, सुखपाल व पन्नालाल ने दम तोड़ दिया।

पांच लोगों की मौत से जिला मुख्यालय से लेकर लखनऊ तक हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने बताया, शराब गांव के तीन लोगों ने बेची थी। खरीदी गई शराब का पव्वा भी दिखाया। मंडलायुक्त अनीता सी मेश्राम व आइजी प्रवीण कुमार ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर अजय, संजय, भगवत व ऋषिपाल से बात की। उन्होंने बीमार ग्रामीणों के बेहतर उपचार के आदेश दिए। गांव जाकर भी मंडलायुक्त व आइजी ने मृतक स्वजन से जानकारी की।

Related Articles

Back to top button