जो यूपी को साम्राज्य समझते थे; अब भाग गए साउथ
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार काे लखनऊ में तीन नई ट्रेनों के शुभारंभ और गोमतीनगर स्टेशन के नए कोचिंग काम्पलेक्स का लोकार्पण करने के बाद कांग्रेस और सपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को बहुत प्रधानमंत्री दिए। एक बड़ा परिवार है। जो हमेशा उत्तर प्रदेश को अपना साम्राज्य समझता था। इनमें कोई डरकर साउथ की ओर भाग गए। उस परिवार ने आपसे वोट लिया लेकिन दिया कुछ नहीं। और भी लोग हैं जो अपने कार्यकाल में कैसे काम करते थे सबको पता है। आज शांति है। कानून व्यवस्था है। आज उत्तर प्रदेश का विकास हो रहा है। सबको साथ लेकर काम हो रहा है। करीब 97 हजार करोड़ रुपये के रेलवे के काम आज उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं। हर स्टेशन पर कोई काम हो रहे हैं। यह तेजी से विकास मोदी और योगी की डबल इंजन की सरकार ही कर सकती है।

स्टेशन का जो भी काम हो वह अगले 50 वर्षों को ध्यान में रखकर किया जाए। साधारण व्यक्ति वर्ल्ड क्लास स्टेशन की सुविधा ले सके, यही प्रधानमंत्री की सोच है। छोटे किसान, कारोबारी अपने उत्पाद छोटे कंटेनर से दूर भेज सके। इसके लिए ढाई टन के नए कंटेनर की व्यवस्था की जा रही है।
रेलमंत्री ने कहा कि देश के डेढ़ लाख डाकघरों और आठ हजार रेलवे स्टेशनों को एकीकृत किया जा रहा है। इससे सुदूर गांवों की महिलाएं, स्वयं सहायता समूह अपने सामान को नजदीकी पोस्ट आफिस से देश भर में भेजकर आत्मनिर्भर बन सकेंगे।