पांच घंटे में तैयार हो जाता है 1.80 लाख का मकान
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :इंजीनियरों ने आंध्र प्रदेश में इसे सच कर दिखाया। ढाई सौ वर्गफीट में ऐसे मकान प्रधानमंत्री आवास योजना से तैयार हो रहे हैं। लाइट हाउस तकनीक से बन रहे ये मकान भूकंप, बाढ़, तूफान और आग रोधी हैं। इनकी दीवार में कभी दरार भी नहीं पड़ सकती है। चार इंच मोटी दीवार पर तैयार इन मकानों का निर्माण तैयार सामग्री से किया जा रहा है। नया शहरी भारत कांफ्रेंस एवं एक्सपो में मकान की इस तकनीक को बताया जा रहा है।

इस मकान को तैयार कर रहे एनएफ रूफ डिजाइनर्स के दीपक साहनी ने बताया कि एक मकान पांच से छह घंटे में तैयार हो जाता है। एक करोड़ मकान एक साल में बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान समय में आंध्र प्रदेश के राजा मुंदरी में 1.80 लाख की लागत के मकान तैयार हो रहे हैं। इसमें एक बेड रूम, एक लिविंग रूम, एक किचन, एक टॉयलेट और बरामदा है। इसकी दीवार और अन्य चीजें पहले से तैयार रहती हैं और उसे एक-दूसरे से जोड़ दिया जाता है। इसलिए यह जल्दी तैयार हो जाता है। इनके भीतर का तापमान भी सामान्य रहता है।