सरकार सही समय पर लाएगी जनसंख्या नियंत्रण कानून
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू होने की अटकलों पर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि यह कानून सही समय पर लाया जाएगा। हम कुछ भी चुपचाप करने में विश्वास नहीं करते। सीएम योगी ने एक सवाल पर दो टूक कहा कि सरकार दुम दबाकर नहीं, हनक और धमक से चलती है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राजधानी लखनऊ में एक मीडिया हाउस के कार्यक्रम में जनसंख्या नियंत्रण कानून के सवाल पर कहा कि राज्य सरकार सही समय पर यह कानून लाएगी। अभी हमारे सामने मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को नियंत्रित करना चुनौती है। इसके लिए जनसंख्या नीति के तहत एक व्यापक अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में कुछ भी होगा तो सबसे पहले मीडिया को पता चलेगा। हमारा कोई काम चुपचाप से नहीं होता। जो होगा, नगाड़ा बजाकर करेंगे। सही समय आने पर जानकारी देंगे।