उत्तर प्रदेशराज्य

विधान परिषद के सदस्यों ने ली पद की शपथ

स्वतंत्रदेश,लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नवनिर्वाचित सदस्यों ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों को कार्यकारी सभापति कुंवर मानवेंद्र सिंह ने विधान भवन के तिलक हॉल में उच्च सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के सभी दस सदस्यों ने शपथ ली, लेकिन समाजवादी पार्टी के सदस्य राजेन्द्र चौधरी शपथ लेने नहीं पहुंचे।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नवनिर्वाचित सदस्यों ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों में भाजपा की तरफ से सबसे पहले उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, लक्ष्मण आचार्य, महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अश्विनी त्यागी, सुरेंद्र चौधरी, धर्मवीर प्रजापति, अरविंद कुमार शर्मा ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। इस दौरान सपा के सदस्य व राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी के अलावा भाजपा के सलिल विश्नोई शपथ लेने नहीं पहुंचे। हालांकि बाद में भाजपा के सलिल विश्नोई को सभापति कक्ष में शपथ दिलाई गई।

उत्तर प्रदेश विधान परिषद में कुंवर मानवेंद्र सिंह दूसरी बार प्रोटेम सभापति नियुक्त हुए हैं। इससे पहले वह छह मई, 2002 से दो अगस्त 2004 तक प्रोटेम सभापति रह चुके हैं। प्रोटेम सभापति के तौर पर उन्होंने विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई।

उत्तर प्रदेश की 100 सदस्यीय विधान परिषद में मौजूदा संख्या बल 98 है, जिसमें सपा के 51 सदस्य हो गए हैं। सदस्यों की संख्या के आधार पर सपा का ही बहुमत है। ऐसे में सपा अहमद हसन के लिए सभापति पद की दावेदारी करना चाह रही थी, लेकिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भाजपा के कुंवर मानवेंद्र सिंह को विधान परिषद का प्रोटेम सभापति नियुक्त कर दिया।

Related Articles

Back to top button