लखनऊ में पकड़ा गया नाइजीरियन
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :राजधानी में जहां हर तरफ गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी की खुशी की लहर थी। वहीं, राजधानी की सरोजनीनगर पुलिस ने एक नाइजीरियन युवक को दबोचा। बताया जा रहा है कि आरोपित का वीजा समाप्त होने के बावजूद राजधानी में ठहरा था। अब पुलिस आरोपित के कनेक्शन और राजधानी में ठहरने का कारण पता करने में लगी है।

इंस्पेक्टर सरोजनीनगर महेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपित विष्णुपुरी रोड शनिगवां रोड नौबस्ता कानपुर नगर निवासी आलूको उलवा टोबी जोंस को पकड़ा गया है। आरोपित मूलरूप से 10 एडिवियो स्टेट बिहांड टी नाइट हॉस्पिटल एडियो एकिति स्टेट नाइजीरिया का रहने वाला है। मुखबिर की सूचना पर आरोपित को ज्ञानी ढाबा बीट से पकड़ा गया। आरोपित आलूको उलवा के पास से समाप्त हो चुका मूल वीजा, पासपोर्ट, आधार कार्ड, मैरिज सर्टिफिकेट, बैंक पास बुक और शादी का अनापत्ति प्रमाण पत्र बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपित ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ जालसाजी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।
गौरतलब है कि पूर्व में कई नाइजीरियन नागरिक साइबर क्राइम के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। साइबर क्राइम सेल ने भी तीन युवकों को दबोचा था। यही नहीं एसटीएफ ने भी गिरोह में शामिल नाइजीरियन को गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपित के बारे में जानकारी की जा रही है।