यूपी के कई जिलों में लू और वज्रपात का अलर्ट
स्वतंत्रदेश ,लखनऊमौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मंगलवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार की तुलना में मंगलवार को बादलों की आवाजाही के चलते लोगों को कुछ राहत महसूस हुई। वहीं, प्रदेश में झांसी सबसे गर्म रहा, जहां पारा 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।प्रदेश के कई शहरों कानपुर (आइएएफ), प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा, आगरा (ताज), और बुलंदशहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। आगरा (ताज) और अलीगढ़ लू की चपेट में रहे। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो बुधवार को लखनऊ में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पूर्वांचल और तराई क्षेत्रों में बारिश और वज्रपात की आशंका जताई गई है।
बुधवार को लखनऊ में बादलों की रहेगी आवाजाही, तराई में हो सकती है हल्की बूंदाबांदी