ललितपुर में पुलिस टीम पर हमला
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :उत्तर प्रदेश के ललितपुर में गुरुवार की शाम ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुए पथराव मामले में पुलिस ने 170 अज्ञात पर FIR दर्ज की है। वहीं, लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने 100 लोगों पर FIR दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ जारी है। दरअसल, यह विवाद भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण का जन्मदिन मनाने और विवादित चबूतरे के निर्माण को लेकर हुआ। पुलिस ने विवादित जमीन पर कब्जा करने से रोका तो ग्रामीण भड़क उठे। ग्रामीणों ने पथराव किया और पुलिस की तीन जीप क्षतिग्रस्त कर दी।

इस दौरान एक इंस्पेक्टर, महिला सिपाही समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि 6 ग्रामीण महिलाएं भी जख्मी हुईं। तीन महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने एसडीएम पाली सहित पुलिस पर लाठी चार्ज कर मारपीट का आरोप लगाया गया।
थाना नाराहट के ग्राम बरौदिया में गुरुवार की शाम भीम आर्मी व भारत आजाद पार्टी के 100 से अधिक कार्यकर्ता संत रविदास के विवादित चबूतरा स्थल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर उर्फ रावण का जन्मदिन मना रहे थे। विवादित स्थल पर तैनात पुलिस बल ने जब उन्हें बिना परमिशन कार्यक्रम करने से रोका। जिसके बाद ग्रामीणों व पुलिस कर्मियों में विवाद होने लगा। सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी पाली, थानाध्यक्ष नाराहट सहित 6 थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
इस दौरान ग्रामीण चबूतरे का निर्माण करने लगे। जब पुलिस कर्मियों ने उन्हें निर्माण करने से रोका तो ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस की तीन जीप क्षतिग्रस्त कर दी। वहीं थानाध्यक्ष नाराहट श्याम प्रकाश शर्मा, एक महिला कांस्टेबल सहित 4 पुलिसकर्मियों के अलावा 6 महिलाएं घायल हो गईं। तीन ग्रामीणों महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।