उत्तर प्रदेशराज्य

प्रभु राम के स्वागत में सज रही अयोध्या

अयोध्या का सरयू तट स्वागत द्वारों व उन पर बनी राम कथा की पेंटिंग से आकर्षण का केंद्र बन रहा है।

स्वतंत्रदेश , लखनऊ :प्रभु राम की नगरी अयोध्या में वर्चुअल दीपोत्सव का काउंट डाउन शुरू हो गया है। योगी सरकार जहां 5.51 लाख दीये जलाकर अपने पुराने रिकार्ड को तोड़ने के प्रयास में है। इस काम में कई संस्थाओं का भी सहयोग मिल रहा है। नगर आयुक्त विशाल सिंह ने बताया कि 8 प्रांतों से 60 हजार दीये आए हैं, जिन्हें दीपोत्सव में शामिल किया जा रहा है। इसके अलावा 1 लाख गोबर के दीये भी जलेंगे। दीपोत्सव के लिए पर्यटन विभाग, नगर निगम और सूचना विभाग अपनी-अपनी तैयारियों में जुटा है।

माय FM 94.3 ने की है 8 प्रांतों के दीपकों की भागीदारी
“घर का दीया करेगा अयोध्या रोशन” के संकल्प के साथ माय FM 94.3 अयोध्या ने नगर निगम के सहयोग से 8 प्रांतों से 60 हजार दीयों को दीपोत्सव में शामिल करने के लिए इकट्ठा किया है। आयुक्त विशाल सिंह के मुताबिक इस संकल्प को सफल बनाने के लिए माय FM ने रेडियो, प्रिन्ट और डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया। राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, और नागपुर से हजारों की संख्या में लोगों ने दीये के जरिए अपना प्यार और सत्कार भेजा है।

बुधवार से शुरू हो जाएगा दीपोत्सव कार्यक्रम

अयोध्या का सरयू तट स्वागत द्वारों और उन पर बनी राम कथा की पेंटिंग आकर्षण का केंद्र बन रही है। दीपोत्सव के मुख्य स्थल राम की पैड़ी को सजाया गया है। 11 अक्टूबर से तीन दिवसीय दीपोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत हो जाएगी। इस साल के दीपोत्सव में कोविड गाइड लाइंस और सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रख कर दीयों को स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य लोगों से लगवाने पर ज्यादा जोर न देकर लाइटिंग पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। आयुक्त ने बताया कि मंदिरों के अलावा सरयू के घाटों पर लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। राम की पैड़ी, राम कथा पार्क और सरयू के घाटों पर खूबसूरत लाइटिंग की जा रही है। राम कथा पार्क का जहां मुख्य कार्यक्रम होना है, वहां का स्टेज तैयार हो गया है। गोंडा-अयोध्या पुल पर लाइटिंग की गई है। 12 स्वागत द्वार बने हैं जिसमें 4 राम कथा पार्क के लिए ही हैं।

Related Articles

Back to top button