आरोपी की अवैध संपत्तियों पर चलेगा बुलडोजर
यूपी के अयोध्या में कैंट कोतवाली क्षेत्र के बनबीरपुर में थार से कुचलकर हुई हत्याओं के आरोपी अर्पित दुबे की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चल सकता है। सट्टेबाजी के बल पर अर्जित की गईं अकूत संपत्तियों का ब्यौरा पुलिस खंगाल रही है। उसके बैंक खातों का भी विवरण जुटाया जा रहा है।पुलिस सूत्रों के अनुसार बनबीरपुर निवासी कप्तान सिंह उर्फ रवींद्र व आलोक सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी अर्पित दुबे के पिता कचहरी में मुंशी हैं। सामान्य परिवार में जन्में अर्पित को शुरू से ही आलीशान जिंदगी गुजारने का शौक था। कम समय में तरक्की की चाह में उसने गलत रास्ते को हमराह चुना और सट्टेबाजी की काली दुनिया में एंट्री की। इसके दम पर वह लगभग आठ-नौ साल में ही अकूत संपत्तियों का मालिक हो गया।

सट्टेबाजी से संबंधित मुकदमे भी दर्ज हुए
पैसों के दम पर उसने गांव के बाहर कई गुर्गे पाल रखे थे, जिन्हें उससे मोटी रकम मिलती थी। इन्हीं गुर्गों के सहारे वह सट्टे में काफी कुछ गंवाने वालों को डरा-धमकाकर उनकी जमीनों पर भी नजर रखता था। कम समय में अकूत संपत्तियां अर्जित करने के साथ ही उसका रौब और रुतबा बढ़ता गया और गांव के लोगों से तनातनी रहती थी। इस बीच उसके ऊपर सट्टेबाजी से संबंधित मुकदमे भी दर्ज हुए।पुलिस के अनुसार अपराध जगत से काली कमाई करके उसने थार खरीदी थी। इसके अलावा उसके पास चार पहिया दो अन्य वाहन भी होने का दावा किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक कैंट पंकज सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपराध जगत से काफी संपत्ति बनाई है।
संपत्तियों का आंकलन किया जाएगा
आरोप पत्र दाखिल करने के बाद गैंगेस्टर की कार्यवाही के दौरान समस्त संपत्तियों का आंकलन किया जाएगा। फिलहाल आरोपी के पास एक मकान व दो अन्य कार के अलावा कीमती जमीनें होने की भी जानकारी मिली है। वहीं, सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की अवैध संपत्तियों पर निश्चित तौर से बुलडोजर चलाया जाएगा। इसके लिए सारी जानकारी जुटाई जा रही है।




