आज से कड़ाके की सर्दी और घना कोहरा का अलर्ट
स्वतंत्रदेश,लखनऊउत्तर प्रदेश में सर्दी का असर दिखने लगा है। रविवार रात अयोध्या में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बलिया में 6.6 डिग्री की रिकार्ड गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से काफी नीचे है। वहीं, लखनऊ में रात का पारा दो डिग्री गिरावट के साथ 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग ने मंगलवार से अगले दो-तीन दिन तक शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।

घना कोहरा और विजिबिलिटी पर में गिरावट
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी और पूर्वी यूपी के हिस्सों में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी में गिरावट के आसार हैं। खासकर, देर रात और सुबह के समय कोहरे का असर दिखेगा। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीतलहर से ठिठुरन बढ़ेगी, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसका प्रभाव होगा। लखनऊ और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। आसमान साफ रहेगा, लेकिन शीतलहर के कारण ठंड बढ़ेगी। अगले दो दिन राजधानी का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम सात डिग्री रहने के पूर्वानुमान हैं।