उत्तर प्रदेशराज्य

लखनऊ में गरजा LDA का बुलडोजर

 स्वतंत्रदेश ,लखनऊकई दशक से कुकरैल नदी पर अवैध रूप से बसाया गया अकबरनगर रविवार रात के बाद अतीत बन जाएगा। एलडीए ने जिस तेजी से शनिवार तक अवैध निर्माण का ध्वस्तीकरण किया है, उससे अनुमान लगाया जा रहा है कि रविवार रात आठ बजे तक अकबरनगर पूरी तरह जमींदोज हो जाएगा।अकबरनगर प्रथम में 256 अवैध निर्माण को गिरा दिया गया। वहीं, 65 लोगों के सामान बसंत कुंज योजना में बने पीएम आवास तक पहुंचाकर मौके पर ही लोगों को कब्जा दे दिया गया।  एलडीए ने सोमवार से ही अकबरनगर द्वितीय से अवैध आवासीय निर्माणों को तोड़ना शुरू किया था। यहां के कुल 1068 अवैध आवासीय निर्माण चिह्नित हुए थे। अकबरनगर द्वितीय के बाद एलडीए ने प्रथम को तोड़ना शुरू किया है।

 अकबरनगर प्रथम एवं द्वितीय को मिलाकर 870 अवैध निर्माण को ढहाया गया है। अब करीब 198 अवैध निर्माण को गिराना शेष रह गया है। शनिवार की तरह यदि 12 जेसीबी और 15 पोकलैंड लगाकर रविवार को भी इतनी तेजी से कार्रवाई जारी रही तो रविवार रात आठ बजे तक अकबरनगर प्रथम भी टूट जाएगा।

अकबरनगर प्रथम में रहने वाले अधिकांश लोगों को पीएम आवास का कब्जा भी दिया जा चुका है। अब तक 1036 लोगों को कब्जा मिल गया है। वहीं, सभी 1800 परिवारों को पीएम आवास आवंटित किए जा चुके हैं। लोगों का सामान बसंतकुंज योजना तक पहुंचाने के लिए नगर निगम की टीम भी लगायी गई है।

रविवार को अकबरनगर के ध्वस्तीकरण के बाद एलडीए रहीमनगर की ओर कुकरैल नदी पर हुए अवैध कब्जे को मुक्त कराने की कार्रवाई शुरू कराएगा। इसके लिए गठित टीम मौके पर जाकर सर्वे कर रही है। सर्वे रिपोर्ट आते ही बड़े-बड़े अवैध निर्माण को गिराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button