उत्तर प्रदेशराज्य

चार मिनट की आरती में उमड़े डेढ़ लाख श्रद्धालु

स्वतंत्रदेश ,लखनऊअयोध्या का मैदान। सुबह के 5:45 बजे। पूरब से सूरज की लालिमा ने जैसे ही दर्शन दिए। अयोध्या में माता कौशल्या ने राम दरबार की आरती उतारनी शुरू की। चार मिनट की आरती की लीला का आकर्षण ऐसा कि डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मैदान में जमे हुए थे। भगवान राम के दरबार की अनुपम छवि को हृदय में बसाने की चाह लिए श्रद्धालु मध्य रात्रि से ही लीला स्थल पर पहुंचने लगे थे।

शुक्रवार की भोर में काशी का जनसमुदाय श्रीराम के राज्याभिषेक की भोर की आरती का हिस्सा बनने के लिए उमड़ पड़ा। जनसैलाब उमड़ा तो आस्था का रेला गांव, गली और मोहल्लों से होता हुआ रामलीला स्थल पर जम गया। हर जन के मन में सियाराम की छवि और होठों पर जय सियाराम… का जयघोष। राम नाम की भक्ति में पगे हुए श्रद्धालु एकटक मंच की ओर निहार रहे थे। पूरब दिशा में जैसे ही सूर्य की लालिमा ने दस्तक दी तो जनता भी हर्ष से भर उठी। आरती के लिए तड़के लगभग 5.40 बजे काशीराज परिवार के अनंत नारायण सिंह रामनगर दुर्ग से दरबारियों के साथ पैदल चलकर लीला स्थल अयोध्या मैदान पहुंचे। लगभग 5.45 बजे भगवान भाष्कर ने जैसे ही अपनी आंखें खोलीं, माता कौशल्या ने अयोध्या के सिंहासन पर विराजमान श्रीराम व सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और श्रीराम के चरणों में नतमस्तक भक्त शिरोमणि हनुमान की आरती उतारी।

Related Articles

Back to top button