उत्तर प्रदेशराज्य

झमाझम बारिश में खुली लखनऊ नगर निगम की पोल:

बारिश ने लखनऊ नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। नगर निगम हर साल नाले की सफाई के लिए 5 करोड़ रुपए का बजट जारी करता है। लेकिन पहली झमाझम बारिश में शहर के करीब 100 से ज्यादा इलाकों में घुटने तक पानी भर गया। स्थिति यह है कि दुकान से लेकर घर के अंदर तक पानी भरा हुआ है।अब मेयर से लेकर डीएम, नगर आयुक्त और खुद कमिश्नर जल भराव से छुटकारा दिलाने के लिए शहर में दौड़ लगा रहे हैं। लेकिन यह अधिकारी अगर समय रहते सचेत हुए होते तो यह नौबत नहीं आती है। स्थिति यह है कि कई जगह पर बारिश की वजह से सड़क भी धंस गई है। यहीं नहीं पूरा का पूरा मोहल्ला तालाब में तब्दील हो गया है।

साल की शुरुआत में यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 और जी- 20 की बैठक के लिए शहर को एक नजीर के तौर पर पेश किया गया था। पर्यटकों को लखनऊ भ्रमण कराया गया था। लेकिन जहां यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 की बैठक और मेहमानों को ठहराया गया, उसके आस- पास के इलाकों में भी पानी भर गया है। ऐसे में एक बार फिर अधिकारियों का भ्रष्टाचार उजागर हो गया है।

नगर निगम के पार्षद हुए परेशान

नगर निगम के पार्षद इस जलभराव से परेशान होकर वॉट्सऐप ग्रुप पर फोटो शेयर कर रहे है। बालागंज वार्ड के पार्षद पंकज पटेल से अपने इलाके की करीब 10 से ज्यादा फोटो नगर निगम के ग्रुपों पर डालकर समस्या बताई है।इसमें लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। कुछ ऐसी ही स्थिति ईस्माइलगंज प्रथम और ईस्माइलगंज द्वितीय वार्ड की भी है। सुरेन्द्र नगर, पटेल नगर समेत कई इलाकों में चलना दूभर हो गया है।

Related Articles

Back to top button