योगी की आज सहारनपुर‚ शामली व अमरोहा में सभाएं
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सहारनपुर‚ शामली और अमरोहा से निकाय चुनाव के लिए प्रचार अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। योगी ने चुनाव प्रचार का शंखनाद मां शाकम्भरी देवी की धरती सहारनपुर से करने का निर्णय लिया है। वह महाराज सिंह डिग्री कालेज के मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। पहले ही दिन मुख्यमंत्री शामली व अमरोहा में जनसभाएं करेंगे।

दूसरी तरफ उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गाजियाबाद से चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर रहे हैं। जबकि उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य झांसी में चुनाव प्रचार करने पहुंच रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी भी सोमवार को मेरठ से चुनाव प्रचार अभियान में उतर रहे हैं।
निकाय चुनाव को सेमीफाइनल मान रही BJP
पहले चरण में 390 नगरीय निकायों में मतदान चार मई होगा‚ जबकि दूसरे चरण में 370 नगरीय निकायों के लिए वोट 11 मई को डाले जाएंगे। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले हो रहे नगरीय निकाय चुनाव को सेमीफाइनल माना जा रहा है। इसलिए भाजपा बड़ी तैयारी के साथ चुनाव मैदान में उतरी है।
यही नहीं‚ भाजपा के पदाधिकारी पिछड़ा वर्ग मोर्चा तथा अनुसूचित वर्ग मोर्चा संगोष्ठियों के माध्यम से पिछड़ों और दलितों के बीच इन वर्गों पर केंद्रित केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं व कार्यक्रमों के बारे में बताएंगे। अल्पसंख्यक मोर्चा अल्पसंख्यकों खासतौर पर मुसलमानों के बीच सम्मेलनों और जनसंपर्क के माध्यम से पार्टी की अलख जगा रहे हैं।
BJP अध्यक्ष ने सभी पदाधिकारियों को फील्ड में उतरने के लिए कहा
यूपी भाजपा के अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सभी मोर्चों के प्रदेश प्रभारी-प्रदेश पदाधिकारियों‚ क्षेत्रीय अध्यक्षों व महामंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक कर उन्हें चुनावी मोर्चे पर डटने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि निकाय चुनाव में भाजपा के प्रचार के लिए युवा मोर्चा प्रत्येक निकाय में नवमतदाता सम्मेलनों के आयोजन के साथ ही बाइक रैलियों के माध्यम से युवाओं से जुड़ेगा। आधी आबादी के बीच पार्टी की पैठ बनाने के लिए महिला मोर्चा हर निकाय में महिला सम्मेलन आयोजित करेगा। इसके साथ ही टोलियों के माध्यम से घर–घर संपर्क करते हुए महिलाओं से संवाद करेगा।