उत्तर प्रदेशराज्य

रामनवमी पर 40 जिलों में श्रीराम जन्मोत्सव और रामायण कॉन्क्लेव का आयोजन

स्वतंत्रदेश , लखनऊ:प्रदेश में नवरात्रि से रामनवमी तक राम से जुड़े आयोजनों की धूम रहेगी। प्रदेश सरकार की ओर से 40 जिलों में श्रीराम जन्मोत्सव ”भए प्रकट कृपाला” का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही रामायण कॉन्क्लेव, श्रीरामचरितमानस पाठ, धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही गुजरात में राष्ट्रीय संगोष्ठी के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

संस्कृति विभाग के अयोध्या शोध संस्थान की ओर से रामनवमी को भव्यता से मनाने के लिए उत्सव शृंखला आयोजित की जा रही है। प्रदेश के 40 जिलों में श्रीराम जन्मोत्सव ”भए प्रकट कृपाला” का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत कलश यात्रा, शोभा यात्रा, झांकी, श्रीरामचरितमानस पाठ, भजन-कीर्तन के कार्यक्रम होंगे। कलाकारों की ओर से पारंपरिक सोहर व राम जन्म संबंधी अन्य संस्कार गीत भी गाए जाएंगे। साथ ही प्रदेश भर में धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों, देश-विदेश के विद्वानों की चर्चाओं, प्रतियोगिताओं, शोभा यात्रा आदि कार्यक्रमों का आयोजन संस्थान करेगा। इसके माध्यम से रामकथा के मूल और प्रेरक तत्वों की ओर ध्यान आकृष्ट किया जाएगा।

वडोदरा में दो दिवसीय रामोत्सव आज से
अयोध्या शोध संस्थान की ओर से इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र के संयुक्त तत्वावधान में 23-24 मार्च को वडोदरा में रामोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पारुल विश्वविद्यालय में हो रहे समारोह का उद्घाट्न अयोध्या के महंत मिथिलेश नंदिनी शरण स्वामी करेंगे। 23 मार्च को राम की शक्तिपूजा और विदुषी उमा डोगरा के कथक के कार्यक्रम होंगे। 24 मार्च को रामायण पर राष्ट्रीय संगोष्ठी तथा फौजिया दास्तानगो की ओर से दास्तान-ए-राम की प्रस्तुति की जाएगी।

Related Articles

Back to top button