उत्तर प्रदेशराज्य

फार्म मशीनरी निर्माण को विस्तार देगा महिंद्रा समूह

 देश के शीर्ष दस औद्योगिक घरानों में शामिल महिंद्रा समूह उत्तर प्रदेश में फार्म मशीनरी निर्माण और क्लब महिंद्रा को विस्तार देगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोमवार को उनके सरकारी आवास पर महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने शिष्टाचार भेंट के दौरान कंपनी के संकल्प को साझा किया। आनंद महिंद्रा ने इलेक्ट्रिक वाहन के लिए यूपी को पहली पसंद बनाया और भविष्य में इस क्षेत्र में भी निवेश का भरोसा दिलाया।मुख्यमंत्री से मुलाकात के क्रम में उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने प्रदेश की औद्योगिक विकास नीतियों को उद्योग जगत के लिए उत्साहवर्धक बताते हुए ने कहा कि यूपी की बेहतर कानून-व्यवस्था, सेक्टोरल नीतियां, सरल प्रणाली और बड़ी आबादी महिंद्रा समूह के निवेश के अनुकूल है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं को प्रोत्साहित करते हुए पर्यटन स्थलों पर क्लब महिंद्रा का विस्तार किया जाएगा। इससे पर्यटकों को सहायता मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

आनंद महिंद्रा के कहा कि कृषि क्षेत्र में तकनीक को बढ़ाते हुए महिंद्रा समूह फार्म मशीनों का निर्माण करने के लिए उप्र में इकाई स्थापित करने की इच्छुक है। उत्तर प्रदेश की इलेक्ट्रानिक वीकल नीति को उत्साहवर्धक बताते हुए आनंद महिंद्रा ने कहा कि महिंद्रा समूह ईवी सेक्टर में बड़े निवेश की योजना पर काम कर रहा है। इस दृष्टि से यूपी हमारी पहली पसंद है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एयरोस्पेस, कृषि व्यवसाय, आटोमोटिव कंपोनेंट्स, निर्माण उपकरण, रक्षा, ऊर्जा, कृषि उपकरण, वित्त और बीमा, औद्योगिक उपकरण, सूचना प्रौद्योगिकी, हास्पिटैलिटी, लाजिस्टिक्स, रियल एस्टेट, रिटेल और शिक्षा क्षेत्र में महिंद्रा समूह की विशेषज्ञता है।

Related Articles

Back to top button