शीतलहर की चपेट में, 10 शहरों का तापमान 4 डिग्री तक
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:UP में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शुक्रवार-शनिवार की रात मथुरा के फरह में पारा 1°C रिकॉर्ड किया गया। यह इस सीजन में प्रदेश का सबसे न्यूनतम तापमान रहा है। कानपुर, अयोध्या और सोनभद्र में भी भीषण ठंड रही। तीनों शहरों में पारा 2°C रिकॉर्ड किया गया। UP के 10 सबसे ठंडे शहरों की बात करें तो यहां तापमान 4°C और इससे कम है।पहाड़ों से आ रहीं बर्फीली हवाएं पारा गिरा रही हैं।

मथुरा में केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान के पीआरओ पुष्पेंद्र शर्मा ने बताया कि रात में फरह का तापमान 1°C तक पहुंच गया था। मथुरा के अन्य क्षेत्रों में भी पारा 2°C पर ही सिमट गया। इसके अलावा मुजफ्फरनगर में 3°C, आगरा में 3.2°C, झांसी और सुलतानपुर में 3.9°C, लखनऊ और सहारनपुर में 4°C, मुरादाबाद में 4.6°C, इटावा 4.6°C, बरेली में 4.8°C रिकॉर्ड किया गया। लखनऊ के आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, अभी ठंड से राहत और नहीं मिलेगी। कोहरा भी घना होगा। शनिवार को लखनऊ के आलमबाग, पारा, आशियाना में तड़के घना कोहरा रहा। गोमती नगर क्षेत्र में कोहरा तो नहीं था।