उत्तर प्रदेशलखनऊ

पूरी दुनिया देखेगी काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण उत्सव

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट श्रीकाशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण उत्सव सिर्फ काशी ही नहीं, पूरी दुनिया देखेगी। लोकार्पण उत्सव पर त्रैलोक्य के स्वामी भगवान शंकर की भव्य और अद्भुत बरात निकलेगी। मैदागिन से लेकर गंगा घाट तक कल यानी 13 दिसंबर को होने वाला उत्सव देश ही नहीं, दुनिया भर के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र होगा। मिनी भारत कहलाने वाली काशी में राजराजेश्वर के धाम के लोकार्पण उत्सव पर होने वाले आयोजनों में सर्वसमाज की भागीदारी होगी। ना भूतो ना भविष्यति की तर्ज पर लोकार्पण उत्सव को भव्य बनाने की तैयारी है।

विभिन्न आयोजनों में सर्वसमाज की भागीदारी होगी।  प्रदेश सरकार के निर्देश पर मंदिर प्रशासन की ओर से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। बाबा विश्वनाथ का धाम वेदमंत्रों से गूंजेगा। कई संत, महात्मा और धर्माचार्य भी इस आयोजन के साक्षी बनेंगे। मंदिर प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।  श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को बीते साल ही मूर्त रूप दे दिया गया है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार और अधिकारियों की टीम ने दिन रात मेहनत करते हुए धाम को भव्य रूप प्रदान किया। 13 दिसंबर 2021 को पीएम मोदी के हाथों इसका लोकार्पण किया गया था। इसके बाद काशी में धार्मिक पर्यटन को मानो पंख लग गए हैं। कभी मात्र तीन हजार वर्ग फुट क्षेत्रफल में फैला मंदिर परिसर आज लगभग पांच लाख वर्ग फुट के विशाल क्षेत्र में भव्य आकार ले चुका है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण को एक वर्ष पूर्ण होने का उत्सव 13 दिसंबर को काशीवासी मिलकर मनाएंगे। आदिविश्वेश्वर शिव की नगरी में लोकार्पण उत्सव का उल्लास काशीवासियों के सिर चढ़कर बोलेगा। अस्सी से आदिकेशव घाट के बीच बसने वाला सर्वसमाज लोकार्पण उत्सव पर निकलने वाली शिव बरात में बराती होगा। शिव बरात समिति के दिलीप सिंह ने बताया कि लोकार्पण उत्सव के अवसर पर शिव बरात की यह नई परंपरा आरंभ हो रही है।

Related Articles

Back to top button