उत्तर प्रदेशलखनऊ

 तिरंगे की शान में न हो कोई गुस्ताखी

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:अमृत महोत्सव में घर-घर तिरंगा फहराया गया। तिरंगे की शान और सम्मान अमृत महोत्सव के बाद भी बरकरार रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। यह सब तभी होगा जब तिरंगे को उतारने के बाद पूरे सम्मान से सहेज कर रखें। शहर के सरकारी व गैर सरकारी संस्थान आगे आए हैं जो तिरंगे को सहेजने के लिए तैयार हैं। शहरवासी इन संस्थानों के पास ससम्मान तिरंगे को जमा करा सकते हैं। जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि जिसे भी राष्ट्रध्वज को सहेज कर रखने में किसी भी प्रकार की कठिनाई है वह किसी भी सरकारी कार्यालय में उसे जमा करा सकता है। ताकि राष्ट्रध्वज को  सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जा सके।

अमृत महोत्सव के बाद भी झंडे की शान को बरकरार रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। इस कार्य में कुछ संस्थाएं आगे आई हैं। 

नगर निगम ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि राष्ट्रध्वज उतारने के बाद निगम में जमा किया जा सकता है। महापौर संयुक्ता भाटिया का कहना है कि तिरंगे को इधर-उधर न फेंकें। जो तिरंगे को सहेज कर नहीं रख पा रहे हैं वे इसे नगर निगम को सौंप सकते हैं। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सभी जोनल अधिकारियों को यह निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई जोनल कार्यालय पर आकर झंडा देता है तो वह उसे लेकर सम्मानपूर्वक रख लें। वहीं, इंडियन ऑयल कंपनी भी इस पुनीत कार्य में आगे आई है। कंपनी के राज्य प्रमुख संजीव कक्कड़ ने बताया कि कंपनी के पेट्रोल पंपों पर 19 अगस्त तक झंडा जमा किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम भी इस काम में सहयोग करेगी।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्विटर पर एक पोस्टर शेयर किया है। इसमें लिखा है, ”15 अगस्त के बाद झंडे का क्या? घबराने की जरूरत नहीं है। ला मार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज, लखनऊ के पास इसका समाधान है। हम राज्य भर के अलग-अलग शहरों के रिहायशी इलाकों, घरों, दूसरे संस्थानों, सड़कों से जमा किए झंडे इकट्ठा कर रहे हैं। आप चाहें, तो इस्तेमाल किए हुए झंडे डाक से भेज सकते हैं। चाहें तो उनके कॉलेज के गेट पर भी जमा कर सकते हैं।”

Related Articles

Back to top button