उत्तर प्रदेशराज्य

 मान बढ़ाने वाले पदकवीरों का सरकार करेगी सम्मान

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में उत्तर प्रदेश के 8 खिलाड़ियों ने देश के लिए मेडल्स जीतकर न सिर्फ देश का बल्कि प्रदेश का भी गौरव बढ़ाया है। इन सभी पदकवीरों को उत्तर प्रदेश सरकार सम्मान करेगी। पहले से तय नकद इनाम और सुविधाएं दी जाएंगी।

प्रदेश सरकार ने नई खेल नीति के तहत हाल ही में घोषणा की थी कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मेडल्स जीतने वाले खिलाड़ियों को उचित सम्मान और पद से नवाजा जाएगा।

इसके तहत, स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को एक करोड़ रुपए, रजत पदक विजेता को 75 लाख रुपए और कांस्य पदक जीतने वाले को 50 लाख रुपए का नकद ईनाम दिया जाएगा। साथ ही, सभी पदकवीरों को राजपत्रित अधिकारी का पद भी दिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश के 8 खिलाड़ी इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने में कामयाब रहे हैं या फिर पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं। 10 किमी. पैदल चाल में जहां मेरठ की प्रियंका गोस्वामी ने रजत पदक जीता है तो वहीं रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम में मेरठ की दीप्ति शर्मा और बिजनौर की मेघना सिंह भी शामिल रही हैं।

इसके अलावा, रजत पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम में वाराणसी के ललित उपाध्याय ने भी अहम भूमिका निभाई। वाराणसी के जूडोका विजय कुमार यादव, मुजफ्फरनगर की पहलवान दिव्या काकरान, मेरठ की भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी एवं महिला हॉकी टीम की सदस्य वंदना कटारिया ने देश के लिए कांस्य पदक जीतने में सफलता पाई है।

इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव

  • प्रियंका गोस्वामी (पैदल चाल) मेरठ
  • दीप्ति शर्मा (क्रिकेट) मेरठ
  • मेघना सिंह (क्रिकेट) बिजनौर
  • ललित उपाध्याय (हॉकी) वाराणसी
  • विजय यादव (जूडो) वाराणसी
  • दिव्या काकरान (पहलवान) मुजफ्फरनगर
  • अन्नू रानी (जेवलिन थ्रोअर) मेरठ
  • वंदना कटारिया (हॉकी) मेरठ

Related Articles

Back to top button