डिप्टी सीएम का आज जन्मदिन
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का आज 52वां जन्मदिन है। शुक्रवार छह मई को वैवाहिक वर्षगांठ मनाने वाले केशव प्रसाद मौर्य को भारतीय जनता पार्टी में ओबीसी यानी पिछड़ा वर्ग का मजबूत नेता माना जाता है। अपने गृह जनपद कौशांबी की सिराथू विधानसभा के चुनाव हारने के बाद लगातार दूसरी बार उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बनाए गए केशव प्रसाद मौर्य ने 2012 में ही सिराथू से विधानसभा का चुनाव जीतकर इलाहाबाद मंडल के इकलौते भाजपा विधायक होने का गौरव भी प्राप्त किया था। इसके बाद वह 2014 में प्रयागराज के फूलपुर से भारतीय जनता पार्टी के पहले लोकसभा सदस्य भी बने।

उत्तर प्रदेश की सियासत में केशव मौर्य के कद का दूसरा ओबीसी नेता नहीं है। शायद यही वजह है कि इस बार विधानसभा चुनाव में हारने के बाद भी भाजपा ने उनको फिर सम्मानित पद दिया है। केशव प्रसाद मौर्य का सात मई 1969 को कौशांबी के सिराथू में जन्म हुआ था। वह आज अपना 52वां जन्मदिन मना रहे हैं। केशव प्रसाद मौर्य उत्तर प्रदेश की सियासत में भाजपा का एक ऐसा चेहरे बन गए हैं जिन्हें नजरअंदाज कर पाना अब पार्टी के लिए भी आसान नहीं है।केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के लिए पिछड़ों के सबसे बड़े नेता बनकर उभरे हैं। इसी कारण पार्टी उन पर भरोसा भी करती है। केशव प्रसाद मौर्य को प्रदेश में मौर्य और कुशवाहा वोटर्स को साधने के लिए भी पार्टी ने उन्हें ही जिम्मेदारी दी। गैर यादव वोटर्स को एकजुट करने में भी केशव मौर्य का अहम योगदान माना जाता है। राज्य के कुल वोटर्स में ओबीसी मतदाताओं की हिस्सेदारी लगभग 45 फीसदी है।