शाहजहांपुर में आनर किलिंग
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :युवक युवती की शुक्रवार सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव गांव के बाहर एक धार्मिक स्थल के पास जबकि युवती का शव उसके घर के कमरे में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। युवक के पिता ने ऑनर किलिंग का आरोप लगाया है।

गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र के नोगवां निरोत्तम गांव निवासी आशीष कुमार शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे स्वजन को बिना कुछ बताये घर से निकले थे। सुबह करीब पांच बजे आशीष का शव गांव के बाहर धार्मिक स्थल के पास खून से लथपथ पड़ा मिला। उनके सीने में गोली लगी थी। कुछ देर बाद आशीष के पड़ोसी कृष्णपाल सिंह की बेटी बंटी की भी गोली लगने से मौत की चर्चा होने लगी।
पुलिस जब उनके घर पहुंची तो दूसरी मंजिल के कमरे में बंटी का शव खून से लथपथ पड़ा था। बंटी के भी सीने में गोली लगी थी। दोनों शव के पास असलाह नहीं मिले। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ परमानंद पांडेय, कटरा, जैतीपुर, तिलहर पुलिस गांव पहुंच गई है। आशीष के पिता सुखपाल ने आरोप लगाया कि बंटी के पिता कृष्णपाल ने दोनों की गोली मारकर हत्या की है। सीओ परमानंद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्वजन जो तहरीर देगे उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।