प्रियंका वाड्रा 10 सितंबर को लखनऊ में
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा 10 और 11 सितंबर को लखनऊ में होंगी। दो दिवसीय प्रवास के दौरान वह पार्टी संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठकें करेंगी। संगठनात्मक समीक्षा के साथ प्रियंका चुनावी रणनीति पर चर्चा के लिए पार्टी की राज्य चुनाव समिति और सलाहकार समिति के साथ बैठकें भी करेंगी। इससे पहले प्रियंका तीन दिवसीय प्रवास पर बीती 16 जुलाई को लखनऊ आयी थीं।

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। सत्ताधारी भाजपा समेत विभिन्न राजनीतिक दल चुनाव में जीत के सूत्र तलाशने में जुट गए हैं। ऐसे में प्रियंका कांग्रेस की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करने के साथ उन्हें गति देने की कोशिश करेंगी। पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों का प्रशिक्षण देने के लिए कांग्रेस के ‘प्रशिक्षण से पराक्रम’ कार्यक्रम के जरिये वह कई जिलों के पार्टी पदाधिकारियों से रूबरू होने के साथ उनसे फीडबैक भी ले चुकी हैं।