उत्तर प्रदेशराज्य

सनकी प्रेमी ने चाकू से गोदकर मार डाला

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद में डबल मर्डर का मामला सामने आया है। यहां थाना बाह क्षेत्र में एक सनकी प्रेमी ने मां और उसकी 19 साल की बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। चीख पुकार सुनकर बचाव के लिए दौड़ी युवती की भाभी पर भी जानलेवा हमला बोल दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

                   वारदात के बाद मौके पर जांच में जुटे पुलिस अफसर।

सोते समय आरोपी युवक ने किया हमला

बाह थाना क्षेत्र के जरार कस्बा निवासी शारदा देवी (50 साल) रविवार रात को अपनी बेटी कामिनी (19 साल) के साथ घर में सोई हुई थीं। उनका छोटा बेटा मनीष अपने चाचा गणेश के यहां पड़ोस में सोया हुआ था। आरोप है कि देर रात गांव का रहने वाला गोविंद चाकू लेकर घर में किसी तरह प्रवेश कर गया। सबसे पहले उसने घर में सो रही शारदा देवी पर हमला किया। इसके बाद कामिनी पर चाकू से चेहरे एवं गर्दन पर लगातार कई बार वार किए।

घर में चीख-पुकार की आवाज सुनकर शारदा देवी के बड़े पुत्र राहुल की पत्नी विमलेश (32 साल) की नींद खुल गई। वह बचाव के लिए दौड़ी तो देखा कि सास और ननद मृत अवस्था में पड़ी थी। आरोपी युवक ने विमलेश पर भी चाकुओं से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी भी दौड़े।

IG आगरा जोन ए. सतीश गणेश, SSP बबलू कुमार, SP पूर्वी अशोक के वेंकट, फतेहाबाद, बाह, पिनाहट सर्किल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जहां पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और फॉरेंसिक एवं डॉग स्क्वायड की टीम ने जांच कर साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने दोनों मृतक मां-बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दोनों परिवारों के बीच झगड़ा भी हुआ था

सूत्रों की मानें तो आरोपी प्रेमी युवक के युवती से प्रेम संबंध थे। युवक एवं युवती के बीच प्रेम संबंधों के चलते पूर्व में दोनों परिवारों के बीच झगड़ा-मारपीट भी हुई थी। मामला रफा-दफा भी हो गया था। दो सप्ताह पहले युवती की शादी के लिए सगाई हो गई थी।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद वारदात के कारणों का पता चलेगा

IG ए. सतीश गणेश का कहना है कि दो महिलाओं की हत्या एवं एक महिला की घायल होने की पुलिस को सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके पर स्थल का निरीक्षण किया गया है। घटना में धारदार हथियार का उपयोग किया गया है। आरोपी की ठोस जानकारी पुलिस को मिल चुकी है। घटना में लूट, चोरी, प्रॉपर्टी, अन्य प्रॉपर्टी का कोई मामला नहीं आया है।

Related Articles

Back to top button