उत्तर प्रदेशराज्य

कुलदीप सेंगर के खास को मिला टिकट

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :उत्तर प्रदेश में उन्नाव की जिला पंचायत सीट अचानक चर्चा में आ गई है। यहां भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर अरुण सिंह को टिकट दिया है। लेकिन इसका विरोध शुरू हो गया है। सबसे बड़ा विरोध उन्नाव के चर्चित माखी रेप कांड की पीड़िता ने जताया है। आरोप है कि अरुण सिंह दुष्कर्म केस में आजीवन उम्र कैद की सजा काट रहे पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के करीबी हैं। पीड़िता का कहना है कि भाजपा ने उसे मरवाने के लिए अरुण सिंह को टिकट दिया है।

उन्नाव के चर्चित माखी रेप कांड की पीड़िता ने अरुण सिंह को टिकट दिए जाने पर विरोध जताया है।

पीड़िता ने कहा, रायबरेली जाते समय जब उसका एक्सीडेंट हुआ था तो अरुण सिंह को उसने आरोपी बनाया था। अरुण सिंह ने जान से मारने की धमकी दी थी। पीड़िता ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। पीड़िता ने एक वीडियो भी जारी किया है।

उन्नाव में भाजपा ने बदली अपनी पॉलिसी

दरअसल, अरुण सिंह फतेहपुर जिले के हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में कृषि राज्य मंत्री रणवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी सिंह के दामाद हैं। भाजपा ने जिला पंचायत चुनाव में किसी भी पदाधिकारारी को टिकट देने से इंकार कर दिया था। लेकिन अरुण सिंह के लिए उन्नाव में भाजपा ने अपनी पॉलिसी बदल दी है।

बुधवार रात अरुण सिंह के नाम ऐलान
भारतीय जनता पार्टी ने औरास द्वितीय से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य अरुण सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर कई दिनों से चल रही जोर आजमाइश के बाद बुधवार रात करीब 11 बजे भाजपा ने अरुण सिंह के नाम का ऐलान किया।

Related Articles

Back to top button