महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :राजधानी लखनऊ में विधान भवन के सामने एक बार फिर एक महिला ने आत्मदाह का प्रयास किया है। महिला के हाथ में मिट्टी के तेल की बोतल थी। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को महिला पर संदेह हुआ और उसे आत्मदाह के प्रयास से पहले पकड़ लिया गया। महिला के पास से मिट्टी के तेल की बोतल बरामद हुई है। वहीं महिला ने एक युवक पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। आशियाना पुलिस के कार्रवाई न करने से क्षुब्ध होकर आत्मदाह का प्रयास किया।

राजधानी लखनऊ में सप्ताह भर में दूसरी बार एक महिला ने विधान भवन के सामने आत्मदाह करने का प्रयास किया है। महिला विधान भवन के सामने बीजेपी कार्यालय के पास घूम रही थी। उसके हाथ में एक पॉलीथीन भी थी। मौके पर तैनात कर्मचारियों को महिला पर संदेह हुआ कि वो आत्मदाह करने जा रही है। पुलिस कर्मियों ने महिला के हाथ से पॉलीथीन छीन ली। जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों पर आक्रोशित हो उठी। वो किसी मामले में छह माह से सुनवाई न होने का आरोप लगा रही थी। वहीं मौके पर महिला पुलिस कर्मियों को उससे पूछताछ करने के लिए बुलाया गया। महिला आशियान की रहने वाली है उसने एक युवक पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।महिला का आरोप है कि युवक उसे शादी का झांसा देकर अवैध संबंध बनाता रहा। वहीं इस संबंध में महिला ने आशियाना थाने पर कई बार रिपोर्ट दर्ज करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सहयोग नहीं किया।