उत्तर प्रदेशराज्य

समस्याओं के समाधान का दिया आश्‍वासन

स्वतंत्रदेश,लखनऊ : दो दिन के दौरे पर गुरुवार को गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार की सुबह गोरखनाथ मन्दिर में नियमित दिनचर्या के बाद हिंदू सेवाश्रम में जनता दर्शन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 400 लोगों की समस्याएं सुनीं औऱ समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही साथ अधिकारियों को जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर संजीदा रहने की नसीहत भी देते रहे।

   मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया।

गुरु गोरखनाथ की पूजा की

परंपरागत रूप से मुख्यमंत्री ने सुबह अपने आवास से निकलने के बाद गुरु गोरखनाथ औऱ ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आराधना की। मन्दिर परिसर का भ्रमण करने के बाद वह गोशाला गए और गायों के बीच आधा घण्टा गुजारा। इसी क्रम में करीब आठ बजे वह हिन्दू सेवाश्रम पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में फरियादी तड़के से उनका इंतजार कर रहे थे। मुख्यमंत्री बारी- बारी से हर फरियादी के पास गए और उनकी समस्या सुनी।

अधिकारियों को दी चेतावनी

फरियादियों ने अपनी समस्या का जो पत्र उन्हें दिया, मुख्यमंत्री उसे तत्काल अधिकारियों को यह कहकर देते गए कि समस्या समाधान में किसी तरह की हीला-हवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बेलीपार से आए एक फरियादी ने जब यह बताया कि थाने पर सुनवाई न होने की शिकायत लेकर वह तीसरी बार जनता दर्शन में आया है तो मुख्यमंत्री ने एसएसपी को तत्काल कार्रवाई के लिए चेताया भी। चौरी चौरा में दुकान का मुवावजा न मिलने की एक फरियादी की शिकायत को जल्द से जल्द दूर कराने के लिए मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया।

पचास मिनट तक सुनी फरियाद

मुख्यमंत्री करीब 50 मिनट तक जनता दर्शन में रहे। जनता दर्शन से उनके जाने के बाद लोगों की फरियाद मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के प्रभारी मोतीलाल सिंह ने सुनी। इस दौरान एडीजी, आईजी, कमिश्नर, जिलाधिकारी, एसएसपी सहित सभी आला अफसर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button