दुनियाभर में कोरोना वायरस महामारी के बीच शारीरिक दूरी का महत्व सबसे ज्यादा हो गया है। भारत में मेल-मुलाकात और किसी के प्रति सम्मान व्यक्त करने के लिए सदियों से नमस्कार या नमस्ते का इस्तेमाल किया जाता रहा है। अब कोरोना काल में दुनिया के कई देश इसका महत्व समझने लगे हैं। इस बीच, एक बार फिर भारत का नमस्ते चर्चा में आया है।
दरअसल, देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इन दिनों रूस के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। वह शंघाई सहयोग संगठन(एससीओ) की बैठक में शामिल होने के लिए वहां पहुंचे हैं। राजनाथ सिंह बुधवार को मॉस्को पहुंचे। इस दौरान उनका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह रूस के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के हाथ बढ़ाने पर नमस्ते करते हुए देखे हुए।
रक्षामंत्री बुधवार की शाम मॉस्को पहुंचे। इस दौरान का उनका एक वीडियो रक्षा मंत्रालय के ट्विटर अकाउंट से शेयर किया गया है, जिसमें वो रूसी अधिकारियों से हाथ मिलाने के बजाय हाथ जोड़कर पारंपरिक तरीके से नमस्ते करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मास्क पहन रखा है। मॉस्को पहुंचने पर उनका स्वागत करने के बाद रूसी आर्मी के वरिष्ठ अधिकारी ने उन्हें सैल्यूट करके हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया तो राजनाथ ने अपने हाथ जोड़ लिए और उन्हें पारंपरिक ढ़ंग से नमस्ते किया। रक्षा मंक्षी ने आगे हर अधिकारी का इसी तरह अभिवादन किया।





