उत्तर प्रदेशराज्य

शपथ ग्रहण के मंच से संदेश देंगी ये पंक्तियां

स्वतंत्रदेश,लखनऊ:उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी के साथ योगी आदित्यनाथ सरकार किस एजेंडे पर चलने वाली है, इसका संदेश शपथ ग्रहण समारोह का मंच देगा। अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में सजे मंच के बैनर पर स्पष्ट लिख दिया गया है कि योगी सरकार 2.0 की प्राथमिकता में सुशासन, विकास और सुरक्षा के साथ राष्ट्रवाद भी होगा। प्रदेश को उम्मीद बंधाती पंक्तियां लिखी गई हैं- हम निकल पड़े हैं प्रण करके… नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बनाने को…।

 विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने योगी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास और कानून व्यवस्था को खूब प्रचारित किया।

विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने योगी सरकार के कार्यकाल में हुए विकास और कानून व्यवस्था को खूब प्रचारित किया। संदेश दिया गया कि सरकार ने महिलाओं और आम जन के लिए प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बनाया। अब 25 मार्च को योगी आदित्यनाथ दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं तो फिर यही संदेश जनता को देने का प्रयास है। स्टेडियम में बनाए गए शपथ ग्रहण समरोह के मंच पर लगे बैनर पर नए भारत का नया उत्तर प्रदेश बनाने के प्रण की बात लिखी है तो उसके नीचे लिखा शपथ का वाक्य भी सरकार की इच्छाशक्ति को दर्शाता है। शब्द हैं- शपथ राष्ट्रवाद की, सुशासन की, सुरक्षा की, विकास की।

शपथ ग्रहण समारोह को यादगार बनाने की पूरी तैयारी की गई है। प्रदेशभर से कार्यकर्ता व अन्य अतिथि बुलाए गए हैं। स्टेडियम में लगभग 75000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। वहीं, मंच के पास बीस ब्लाक बनाए गए हैं। इनमें विभिन्न प्रदेशों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल, पूर्व मुख्यमंत्री, न्यायमूर्ति, आयोगों के अध्यक्ष, सैन्य अधिकारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, साधु-संत, सांसद, विधायक, पूर्व जनप्रतिनिधि, निकायों के जनप्रतिनिधि, उद्योगपति सहित अन्य वीवीआइपी बैठेंगे। इनके लिए बीस ब्लाक में कुल 5500 कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। विधानसभा सचिवालय की ओर से सूचना जारी की गई है कि नवनिर्वाचित विधायक विधानसभा सचिवालय के पटल कार्यालय से शपथ ग्रहण समारोह के आमंत्रण पत्र प्राप्त कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button