पहाड़ों से आ रहीं बर्फीली हवा ने बढ़ाई यूपी में गलन
स्वतंत्रदेश,लखनऊ :नए साल के दस्तक देते ही ठंड का अहसास कराया। शुक्रवार को ठंडी हवाओं की मार रही। घनघोर कोहरा भी सुबह छाया रहा। ऐसे में अधिकतम-न्यूनतम पारा में गिरावट रहेगी। वहीं, शनिवार को शहर में बदली की आवाजाही रहेगी। तीन से पांच जनवरी को लखनऊ में बारिश भी हो सकती है। ऐसे में पारा में और गिरावट आएगी। आज अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम चार डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, अब ठंड बढ़ेगी। पाक व जम्मू-कश्मीर के पास विक्षोभ बन रहा है। ऐसे में यूपी में मौसम करवट ले रहा है। शुक्रवार से पश्चिमी यूपी में बादलों का डेरा रहेगा। कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है। दो जनवरी को लखनऊ व आस-पास के जनपदों में बादलों की आवाजाही रहेगी। वहीं, तीन जनवरी से पांच जनवरी तक लखनऊ समेत कई इलाकों में हल्की बारिश के आसार हैं। इस दौरान शहर में ठंडी हवा भी चलेंगी। अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम पारा में भी गिरावट आएगी। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 4.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा। वहीं नए साल में कड़ाके की ठंड होगी। पहले दिन से ही बर्फीली हवाएं गलन में इजाफा करेंगी। गुरुवार को हरदोई में 3.6 डिग्री न्यूनतम पारा में गिरावट दर्ज की गई। ऐसे ही कानपुर में 4.2, चुर्क में 3.6, बहराइच में 4.2, बांदा में 4.1 व बरेली में 4 डिग्री न्यूनतम पारा में कमी पाई गई।
कानपुर में सबसे ठंडे रहे दिन-रात
कानपुर में शीतलहर की वजह से बुधवार रात और गुरुवार का दिन इस सीजन में सबसे ठंडे रहे। अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को एक ही दिन में दोपहर में पारा करीब पांच डिग्री गिरने से लोग कांपते रहे।