लेखपाल के विरोध में धरने पर बैठा परिवार
शाहाबाद तहसील के लेखपाल के विरोध में एक परिवार कलक्ट्रेट में धरने पर बैठा है। परिवार ने जिला प्रशासन को दिए गए प्रार्थना पत्र में लेखपाल पर भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।
हरदोई शाहाबाद तहसील के लेखपाल के विरोध में एक परिवार कलक्ट्रेट में धरने पर बैठा है।
शाहाबाद तहसील के ग्राम आल्हापुर सैदीखेल निवासी रामवती समेत परिवार के लोग सोमवार को कलक्ट्रेट में धरने पर बैठ गए और जिला प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें आरोप लगाया कि उसका भूमि बंटवारे को लेकर चार वर्ष से उपजिलाधिकारी शाहाबाद के न्यायालय में वाद चल रहा है।
जिस पर उसकी भूमि पर स्टे है। मगर तहसील में तैनात लेखपाल अपने पद का प्रभाव जमा कर उसकी भूमि पर अवैध कब्जा कर रहा है। विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने बताया कि जब उसने इस संबंध पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया जो उसे भगा दिया गया। उसने बताया कि वह परिवार के साथ अधिकारियों के चक्कर काट रही है। मगर उसकी सुनवाई नहीं हो रहे है। उसकी भूमि पर अवैध निर्माण कार्य भी करा दिया गया है। उसने जिलाधिकारी से उसकी भूमि को मुक्त कराने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की।