इन जिलों में तो जारी हो गया अलर्ट; हवा की रफ्तार भी तेज
स्वतंत्रदेश,लखनऊउत्तर प्रदेश में मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। पूर्वी जिलों में शुरू हुई बरसात का असर लखनऊ में भी दिखने लगा है। बुधवार को सुबह से ही आसमान में काले बादल छाए तो लोगों में वर्षा की उम्मीद जगी, लेकिन दोपहर में बयार चली तो आसमान पर छाए काले बादल गायब हो गए।
गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप ने उमस और गर्मी बढ़ा दी, लेकिन दोपहर बाद बादलों की आवाजाही के बीच कई इलाकों में बारिश ने बड़ी राहत दी। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार से रविवार तक प्रदेशभर में भारी बरसात की संभावना है। पूर्वांचल के कुछ जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अभी प्री-मानसून थंडर सावर का दौर चल रहा है, जो कि स्थानीय होता है। इसमें एक साथ पूरे शहर में वर्षा नहीं होती है। प्री-मानसून थंडर सावर में इलाके के हिसाब से बादल बरसते हैं। मानसून गुरुवार को बिहार के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच चुका है। इसमें तेजी से वृद्धि हो रही है।राजधानी में शुक्रवार से शनिवार तक कभी भी मानसून प्रवेश कर सकता है। मानसून के पहुंचते ही जिले के संपूर्ण इलाकों में झमाझम बरसात होगी। पूर्वांचल के सोनभद्र, चंदौली, मीरजापुर, प्रयागराज, देवरिया, गोरखपुर और आसपास के जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चलेगी। लखनऊ का दिन का तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम पारा 28.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कानपुर को छोड़कर अधिकतर जिलों में दिन का तापमान 40 से नीचे रिकार्ड किया गया।