सो रही महिला पर फेंका तेजाब
स्वतंत्रदेश,लखनऊ:रायबरेली में ऊंचाहार क्षेत्र के गंधपी मजरे रामसांडा गांव निवासी महिला कमरे में चारपाई पर सो रही थी। इसी बीच अज्ञात व्यक्ति ने उस पर तेजाब फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिवारजन सीएचसी ले गए, जहां से डाक्टरों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

46 वर्षीय महिला शुक्रवार की रात स्वजनों के साथ खाना खाने के बाद कमरे के दरवाजे को अंदर से बंद कर सो रही थी। इसी बीच रात्रि करीब 11 बजे अज्ञात व्यक्ति ने कमरे की बाहरी दीवाल के छेद में रखी ईंट निकालकर बिजली बोर्ड से लाइट बंद कर दिया। इसके बाद महिला के ऊपर तेजाब फेंक दिया। महिला जैसे ही चारपाई से उठने लगी उसपर दोबारा तेजाब डाल दिया। इससे उसका दाहिना अंग पूरी तरह से झुलस गया और असहनीय जलन होने लगी। पीड़िता ने शोर मचाया तो परिवारजन पहुंच गए।महिला की हालत देख दंग रह गए। आनन फानन सीएचसी ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बताते हैं कि झुलसी हुई महिला कुछ बता पाने में खुद को असहज महसूस कर रही है। उसके पति ने बताया कि गांव में उसकी किसी व्यक्ति से कोई दुश्मनी नहीं है। यह घटना क्यों हुई और किसने की, यह बात उसकी समझ में नहीं आ रही है। वहीं स्थानीय कोतवाल शिव शंकर सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है, जांच कराई जा रही है, प्रार्थना पत्र मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात लोगों द्वारा महिला पर तेजाब फेंकने की बात कही जा रही है। तेजाब फेंकने के बाद हमलावर मौके से भाग निकले हैं।