Uncategorized

आगरा में बनेगा यूपी का पहला नगर वन

 स्वतंत्रदेश,लखनऊ :उत्तर प्रदेश का पहला नगर वन आगरा में बनाया जाएगा। इसे केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। आगरा में फीरोजाबाद रोड पर रिजर्व फॉरेस्ट की 50 हेक्टेयर भूमि इसके लिए चिह्नित की गई है। इसे ऐसा बनाया जाएगा ताकि शहरी क्षेत्र में लोगों को जंगल का अहसास हो सके। यहां पौधारोपण के साथ जॉगिंग ट्रैक, साइकिल ट्रैक व ओपेन जिम व तरह-तरह की वाटिकाएं बनाई जाएंगी। दूसरे चरण में झांसी और फीरोजाबाद में भी ऐसा ही नगर वन बनाया जाएगा।

उत्तर प्रदेश का पहला नगर वन आगरा में बनाया जाएगा। इसे केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है।

केंद्र सरकार ने विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर नगर वन योजना शुरू की थी। इसके तहत पांच साल में देश भर में 200 नगर वन स्थापित किए जाने हैं। यूं तो जैव-विविधता संरक्षण के लिए दूरस्थ जंगली क्षेत्रों पर ही ध्यान दिया जाता रहा है, लेकिन बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए केंद्र सरकार ने शहरी क्षेत्रों में भी जैव-विविधता संरक्षण के लिए शहरों में वन लगाने का निर्णय लिया है। नगर वन योजना में शर्त यह है कि नगरीय निकाय सीमा में 10 से 50 हेक्टेयर के बीच रिजर्व फॉरेस्ट की जमीन होनी चाहिए।

इसके तहत प्रदेश सरकार ने आगरा, झांसी व फीरोजाबाद में नगर वन बनाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। पहले चरण में आगरा शहर को चुना गया है। यह योजना नगरीय निकायों, विकास प्राधिकरण, गैर सरकारी संगठनों, उद्योगों तथा स्थानीय नागरिकों के बीच भागीदारी और सहयोग पर आधारित होगी। केंद्र सरकार नगर वन के लिए दो करोड़ रुपये पौधारोपण व फेंसिंग के लिए प्रदान करेगी। नगर वन में जन सुविधाओं का अधिक से अधिक ख्याल रखा जाएगा। इसे इस तरह विकसित किया जाएगा, ताकि लोग जंगल के बारे में जागरूक हो सकें। नगर वन बनने से शहर के प्रदूषण में भी कमी आएगी।

  • नगर वन में यह होगा खास
     

     

  • 1. नगर वन की चारों ओर से की जाएगी फेंसिंग
  • 2. स्थानीय प्रजाति के पौधे व झाड़ियां जाएंगी लगाई
  • 3. थीम आधारित पौधारोपण के जरिए स्मृति वन व नक्षत्र वन आदि बनाए जाएंगे
  • 4. जैव-विविधता के लिए सभी प्रकार के सजावटी, झाड़ियां, बेलदार, औषधीय, पुष्प व फलों के पौधे लगाए जाएंगे
  • 5. रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था होगी
  • 6. पेयजल, बेंच, फुटपाथ, जॉगिंग एवं साइकिल ट्रैक बनाए जाएंगे
  • 7. जागरूक करने के लिए कियॉस्क, डिस्प्ले बोर्ड, साइनेज लगाए जाएंगे

 

Related Articles

Back to top button