उत्तर प्रदेशराज्य

अखिलेश यादव का कन्नौज दौरा निरस्त

स्वतंत्रदेश,लखनऊ : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव का आज दिन में कन्नौज आने का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। उनको लखनऊ में आवास में नजरबंद किया गया है। सूबे की सरकार ने सोमवार कन्नौज से बिना अनुमति के समाजवादी पार्टी की किसान यात्रा को रोका है। इसको लेकर प्रदेश में हर जिले में समाजवादी पार्टी के नेताओं को घर में नजरबंद किया गया है। लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एकत्र है, लेकिन पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के घर में बंद होने के कारण स्थिति स्पष्ट नहीं है।

इत्रनगरी कन्नौज में सोमवार को दिन में 11 बजे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को किसान यात्रा रवाना करनी थी।

 

इत्रनगरी कन्नौज में सोमवार को दिन में 11 बजे समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को किसान यात्रा रवाना करनी थी। इसके पहले ही आज सदर विधायक को अस्थाई जेल भेजने के साथ दर्जनों नेताओं को हिरासत में लिया गया है। यहां पर जिल प्रशासन ने बगैर अनुमति निकाली जा रही किसान यात्रा को रोकने के लिए पुलिस-प्रशासन ने रात भर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की। अखिलेश यादव के आने से पहले पुलिस ने जनपद के कई बडे नेताओं को गिरफ्तार कर अस्थाई जेल भेज दिया। कुछ को घर और पार्टी कार्यालय में नजरबंद कर दिया गया। यही नहीं यात्रा में शामिल होने जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को जगह-जगह रोक कर उन्हेंं हिरासत में ले लिया गया है।

कन्नौज में रविवार रात पहुंचे आइजी कानपुर मोहित अग्रवाल ने यात्रा को लेकर अफसरों के साथ बैठक की थी। इसके बाद बाद से ही रात में ही कई जगह पुलिस ने सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया। सपा के बड़े नेताओं, विधायक और पूर्व विधायक के आवास के बाहर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया। सोमवार सुबह सदर विधायक अनिल दोहरे आवास से किसान यात्रा में शामिल होने जा रहे थे। वह पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां उनकी धक्कामुक्की हुई। इसके बाद उन्हेंं उनके दस समर्थको के साथ गिरफ्तार कर अस्थाई जेल भेज दिया गया। वहीं ठठिया मंडी पर पुलिस को तैनात कर दिया गया। ठठिया थाना कानपुर नगर और कानुपर देहात की सीमा को भी छूती है। ऐसे में कोई सपा का नेता मंडी न पहुंच जाए, इन सीमाओं को सील कर दिया गया है। कन्नौज सीमा की चौकी सुरसी पर भी पुलिस बल लगाया गया है। इसके अलावा पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव को पार्टी कार्यालय में नजरबंद किया गया है।

अखिलेश के निजी सचिव पार्टी कार्यालय में नजरबंद

सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निजी सचिव गजेंद्र सिंह को पार्टी कार्यालय में नजरबंद कर दिया गया है। वह किसान यात्रा को लेकर रविवार देर रात कन्नौज पहुंचे थे। रात में ही वह पार्टी कार्याल में रुक गए थे। सुबह 10 बजे जब निकलने लगे तो पुलिस ने उन्हें बाहर नहीं आने दिया। इस बीच पार्टी कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।

यात्रा में आ रहे थे 1000 ट्रैक्टर

किसान यात्रा को लेकर 1000 ट्रैक्टरों को बुक किया गया था। इनमें से 500 ट्रैक्टरों को डीजल का पैसा भी दिया जा चुका था। मगर प्रशासन की सख्ती के कारण ट्रैक्टर मालिक ट्रैक्टरों को लेकर नहीं निकले।

Related Articles

Back to top button