उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ में दोस्तों संग पार्टी मनाने निकला युवक लापता

स्वतंत्रदेश,लखनऊ :दोस्तों संग पार्टी मनाने के लिए निकले पीजीआइ क्षेत्र निवासी रजत (24) लापता हो गए। वृंदावन कॉलोनी स्थित एक तालाब के बाहर उसके कपड़े, चश्मा और जूते मिले हैं। तालाब में डूबने की आशंका से पुलिस गोताखोरों की मदद से तालाब में रजत की खोजबीन करा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका कुछ सुराग नहीं लग सका था। दो दिन बाद नौकरी के लिए एक कंपनी में इंजीनियरिंग के पद पर उसकी ज्वाइनिंग उत्तराखंड में होनी थी।

पीजीआइ क्षेत्र के कृष्ण विहार कॉलोनी की घटना। परिवार वाले खोजबीन ही कर रहे थे तभी बुधवार दोपहर वृंदावन सेक्टर-12 स्थित एक तालाब के बाहर रजत का जूता कपड़े चश्मा और मोबाइल फोन रखा मिला |

 

पीजीआइ क्षेत्र के कृष्ण विहार कॉलोनी निवासी मीसा बाजपेयी उत्तराखंड में सिविल इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। उनके बेटे रजत ने बीते सालों बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी। रजत यहां अपनी मां अलका के साथ रहता है। अलका प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। अलका के मुताबिक मंगलवार को बेटा कुछ दोस्तों के साथ पार्टी करने की बात कहकर निकला था। उसके बाद से वह नहीं लौटा। देर रात तक बेटे के न लौटने पर उसके दोस्त अर्पित से पूछताछ की तो उसने कहा कि रात वृंदावन कॉलोनी सेक्टर तीन स्थित एक निजी विद्यालय के पास छोड़ा था। उसके बाद कुछ नहीं पता। परिवार वाले काफी खोजबीन करते रहें पर कुछ पता न चला और मोबाइल मिलाया तो वह भी स्विच ऑफ मिला। इसके बाद उन्होंने पीजीआइ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई।

तालाब के बाहर मिले कपड़े-चश्मा और जूता

परिवार वाले खोजबीन ही कर रहे थे तभी बुधवार दोपहर वृंदावन सेक्टर-12 स्थित एक तालाब के बाहर रजत का जूता, कपड़े, चश्मा और मोबाइल फोन रखा मिला। परिवार वालों ने कपड़े-जूता और मोबाइल देखकर बताया कि यह कपड़े रजत के ही हैं। इस पर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से रजत की तालाब में खोजबीन शुरू कराई पर देर शाम खबर लिखे जाने तक रजत का कुछ पता नहीं चल सका था। अब पुलिस पंप से तालाब का पानी निकलवा रही है।

दो दिन बाद इंजीनियर के पद पर लगनी थी नौकरी

रजत की मां अलका ने बताया कि उत्तराखंड के श्रीनगर में एक निजी कंपनी में 20 नवंबर को बेटे की इंजीनियरिंग के पद पर नौकरी लगनी थी। बुधवार को बेटे को उत्तराखंड के लिए निकलना था। बेटे का इंटरव्यू भी कंपनी में हो गया था। उन्होंने बताया कि उनका बेटा बहुत हिम्मती है। वह आत्महत्या नहीं कर सकता है। उन्होंने बेटे का अपहरण कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

Related Articles

Back to top button