उत्तर प्रदेशराज्य

EVM में बंद हो गई 88 प्रत्याशियों की किस्मत

स्वतंत्रदेश,लखनऊ : उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सात रिक्त सीटों के लिए मंगलवार को शांतिपूर्ण ढंग से उपचुनाव संपन्न हो गया। उपचुनाव में कुल 53.62 फीसद मतदान हुआ। सबसे अधिक 61.50 फीसद मतदान अमरोहा की नौगावां सादात सीट में हुआ। यह सीट पूर्व क्रिकेटर व मंत्री चेतन चौहान के निधन से रिक्त हुई थी। सबसे कम 49.42 प्रतिशत मतदान कानपुर की घाटमपुर सीट पर हुआ है। यह सीट मंत्री कमल रानी वरुण के निधन के कारण खाली हुई थी। वर्ष 2017 में इन सात सीटों पर 63.90 फीसद मतदान हुआ था। यानी उपचुनाव में वर्ष 2017 के आम चुनाव के मुकाबले करीब 10.28 फीसद कम वोट पड़े। मतगणना 10 नवंबर को होगी।

उपचुनाव अमरोहा की नौगावां सादात बुलंदशहर की बुलंदशहर फीरोजाबाद की टूंडला उन्नाव की बांगरमऊ कानपुर की घाटमपुर देवरिया की देवरिया व जौनपुर की मल्हनी सीट पर हुआ।

उपचुनाव अमरोहा की नौगावां सादात, बुलंदशहर की बुलंदशहर, फीरोजाबाद की टूंडला, उन्नाव की बांगरमऊ, कानपुर की घाटमपुर, देवरिया की देवरिया व जौनपुर की मल्हनी सीट पर हुआ। इन सात सीटों पर कुल 88 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनकी किस्मत ईवीएम में बंद हो गई है। मंगलवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। शुरुआती दो घंटे में मात्र 7.87 फीसद मतदान हुआ। इसके बाद मतदान में थोड़ी तेजी आई। कानपुर की घाटमपुर सीट में सुबह से ही मतदान धीमा रहा। यहां पहले दो घंटे में मात्र पांच प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद दिन में मतदान में तेजी आई। दोपहर 11 बजे 18.49 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर एक बजे तक 30 फीसद से अधिक वोट पड़े। इसके बाद मतदान फिर धीमा हो गया। दिन में तीन बजे तक 41 प्रतिशत मतदान हुआ।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा की सात रिक्त सीटों पर मतदान के लिए कुल 1754 पोलिंग सेंटर व 3655 पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे। चुनाव में कोई गड़बड़ी न हो इसलिए पर्याप्त मात्रा में अर्द्ध सैनिक बल लगाए गए थे। भारत निर्वाचन आयोग ने क्रिटिकल बूथों पर नजर रखने के लिए 371 बूथों की वेबकास्टिंग कराई। चुनाव के लिए सात सामान्य प्रेक्षक व सात व्यय प्रेक्षकों के अलावा 301 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 46 जोनल मजिस्ट्रेट, 76 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 333 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए थे। मतदान के लिए 5127 ईवीएम की कंट्रोल यूनिट व 6710 बैलट यूनिट तथा 5492 वीवीपैट लगाए गए।

कहां कितने फीसद हुआ मतदान

  • सीट : 2020 उपचुनाव : वर्ष 2017 :  वर्ष 2012
  • नौगावां सादात : 61.50 : 76.15 : 72.70
  • बुलंदशहर : 52.10 : 64.06 : 61.08
  • टूंडला : 54.00 : 69.62 : 63.79
  • बांगरमऊ : 50.59 : 59.74 : 60.17
  • घाटमपुर : 49.42 : 61.73 : 58.24
  • देवरिया : 51.05 : 56.37 : 51.10
  • मल्हनी : 56.65 : 59.67 : 58.31

 

Related Articles

Back to top button