उत्तर प्रदेशराज्य

कांग्रेस के छह बागी, तीन निर्दलीय भाजपा में शामिल

स्वतंत्रदेश ,लखनऊअयोग्य ठहराए गए कांग्रेस के बागी छह विधायक राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, इंद्रदत्त लखनपाल, देवेंद्र भुट्टो और चैतन्य शर्मा भाजपा में शामिल हो गए हैं।  इसके साथ ही तीन निर्दलीय आशीष शर्मा, केएल ठाकुर और होशियार सिंह ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की मौजूदगी में सभी बागी भाजपा में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि अयोग्य ठहराए इन विधायकों की गुरुवार रात भाजपा हाईकमान के साथ हुई बैठक में भाजपा में शामिल होने पर सहमति बनी थी। बैठक में राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल मौजूद थे। बागी विधायकों ने भाजपा से बातचीत के लिए राणा को अधिकृत किया था।

पार्टी सूत्रों के अनुसार मुलाकात में अयोग्य घोषित विधायकों की सुप्रीम कोर्ट में याचिका वापसी, भाजपा में ज्वाइनिंग और भविष्य की सियासत को लेकर गहन चर्चा हुई। भाजपा जल्द लोकसभा चुनाव के लिए कांगड़ा व मंडी और विधानसभा उपचुनाव के लिए छह प्रत्याशी घोषित कर सकती है।  इस बारे में राजेंद्र राणा ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से हुई मुलाकात के बाद सबकुछ तय हो गया है।

 विधानसभा अध्यक्ष के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका वापस लेने में कोई कानूनी अड़चन नहीं है। जयराम ठाकुर निर्दलियों को लेकर नई दिल्ली गए थे। आज शाम को 7:00 बजे सभी शिमला लाए जाएंगे। भाजपा की ऐसी योजना है। जानकारी के अनुसार कांग्रेस के छह बागी और तीन निर्दलीय विधायक पीटरहॉफ शिमला पहुंचाए जाएंगे। 

कांग्रेस पार्टी का कोई विजन नहीं: सुधीर
सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का कोई विजन नहीं है। कांग्रेस सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना करती है।  सुधीर शर्मा ने कहा कि जब हम अपने लोगों से किए गए वादे पूरे नहीं कर पा रहे हैं तो विधायक होने का क्या मतलब है। इसीलिए राज्यसभा चुनाव में हमने हर्ष महाजन को वोट दिया जो हमारे राज्य से हैं। आज हम सब अपनी मर्जी से भाजपा में शामिल हुए हैं। जब किसी व्यक्ति के आत्मसम्मान को ठेस पहुंचे और आपकी बात सुनने वाला कोई ना हो तो ऐसी जगह पर नहीं रहना चाहिए। 

सीएम तानाशाह बन गए हैं: राजेंद्र राणा
राजेंद्र राणा ने कहा कि जब से राज्य में कांग्रेस की सरकार बनी, उनकी सुनवाई नहीं हुई। सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार देने सहित अन्य मुद्दों पर गौर नहीं किया गया।  राणा ने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के लोगों से की गई गारंटी पूरी नहीं कर रही है।  हम लोगों के प्रति जवाबदेह हैं, लेकिन जब लोगों ने हमसे पूछा तो हमारे पास कोई जवाब नहीं था।  सीएम तानाशाह बन गए हैं और लोगों को अपमानित कर रहे। विधायकों की सुनने वाला कोई नहीं है। सरकार विधायकों के मुताबिक नहीं चल रही है, बल्कि सुखविंद्र सुक्खू और उनके सहयोगी चला रहे हैं। हिमाचल सरकार वेंटिलेटर पर है।

आयाराम-गयाराम और धनबल की राजनीति करने वालों ने देवभूमि के जनादेश से धोखा दिया: सुक्खू
उधर, बागियों के भाजपा में शामिल होने के बाद सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा- आयाराम-गयाराम और धनबल की राजनीति करने वालों ने देवभूमि के जनादेश से धोखा करके आज अपना ठिकाना चुन लिया। आज वे उनके साथ बैठे हैं जिन्होंने ओपीएस मांगने पर कर्मचारियों का मजाक उड़ाया। जिन्होंने पेपर लीक घोटाला किया और युवाओं के रिजल्ट लटकाए। जो अपने फायदे के लिए महिलाओं के विरोध में खड़े हो गए, जिन्होंने देवभूमि के आदर्श व मूल्यों को अपनी बेईमानी व खरीद-फरोख्त वाली राजनीति से कुचला। लेकिन, लोकतंत्र में जनता जनार्दन है। पैसों के लिए अपना ईमान बेचने वाले, जनता का प्यार और समर्थन पैसों से नहीं खरीद सकते। जनता जवाब देगी।

बड़सर व सुजनापुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटियां भंग
उधर,  बागियों के भाजपा में जाने के बाद अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के अनुमोदन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने जिला हमीरपुर के बड़सर व सुजनापुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है।  प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी है ।

चैतन्य शर्मा के भाजपा में शामिल होने के बाद समर्थक भी भगवा रंग में रंगे
चैतन्य शर्मा के भाजपा मे शामिल होने की सूचना मिलने के बाद चैतन्य शर्मा के निवास स्थान अभयपुर में उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। चैतन्य शर्मा के समर्थकों ने ढोल बजाकर व मिठाई बांटकर ख़ुशी का इजहार किया। इस अवसर पर चैतन्य की संस्था वाईएसपी व भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ब्लॉक कांग्रेस सुजानपुर अध्यक्ष समेत राणा समर्थकों ने कांग्रेस को कहा अलविदा
बागी नेता राजेंद्र राणा के भाजपा में शामिल होते ही ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुजानपुर के अध्यक्ष समेत समस्त कार्यकारिणी पदाधिकारी और सदस्यों ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है।  सभी पदाधिकारियों व अन्य संगठन अध्यक्षों ने भी कांग्रेस कार्यकारिणी पदों व प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। इसमें ब्लॉक अध्यक्ष कैप्टन ज्योति प्रकाश, महासचिव अशोक राणा ने तमाम पदाधिकारी, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन अटवाल,शहरी इकाई महिला कांग्रेस अध्यक्ष परवीन सोनिया व शहरी इकाई कांग्रेस अध्यक्ष मनोज ठाकुर ने भी इस्तीफा दे दिया दिया। हालांकि, जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर की तरफ से इन सभी पदाधिकारी को पदमुक्त कर दिया गया था और कार्यकारिणी को भंग करने की प्रदेश कांग्रेस से सिफारिश पिछले दिनों की गई थी।

Related Articles

Back to top button